भागवत इंदौर पहुंचे, संघ की बैठक में भाजपा नेता भी लेंगे हिस्सा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बृहस्पतिवार से शुरू हो रही बैठक में हिस्सा लेने संघ प्रमुख मोहन भागवत इंदौर पहुंच गए हैं।
![]() भागवत इंदौर पहुंचे, संघ की बैठक में भाजपा नेता भी लेंगे हिस्सा |
बैठक में सीएए और राममंदिर निर्माण के अलावा बिहार व पश्चिम बंगाल के चुनाव पर भी चर्चा होने की संभावना है। इस बैठक को मीडिया से दूर रखा गया है।
भागवत बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 11 बजे हवाई जहाज से इंदौर पहुंचे। हवाई अड्डे पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे सीधे आयोजन स्थल की ओर रवाना हो गए।
संघ के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संघ प्रमुख पांच दिन तक यहां रहने वाले हैं। इस दौरान ओमिनी रेसीडेंसी में बैठकों का दौर चलेगा। देश में सीएए के पक्ष में वातावरण बनाने के उपायों पर विचार होगा और आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
इस बैठक के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इंदौर पहुंचकर बैठक में भाग लेंगे। बैठक में संघ प्रमुख भागवत के साथ भैयाजी जोशी समेत प्रांत प्रचारक, कार्यवाहक संघ चालक और अखिल भारतीय कार्यकारिणी के 300 से ज्यादा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस दौरान तीन दिन अखिल भारतीय पदाधिकारियों की बैठक होगी, एक दिन अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा भागवत प्रबुद्धजनों के साथ एक दिन बैठक करेंगे।
| Tweet![]() |