केंद्रीय कैबिनेट ने NPR अपडेट करने को दी मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी (एनपीआर) को अपडेट करने के लिए 8500 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दे दी।
![]() (फाइल फोटो) |
अधिकारियों ने इस आशय की जानकारी दी।
एनपीआर की कवायद अगले साल अप्रैल से शुरू होगी। एनपीआर देश के स्वाभाविक निवासियों की सूची है।
इस संबंध में आंकड़ों को अपडेट करने का काम 2015 में घर-घर सर्वे के माध्यम से हुआ था। अपडेट किये गए आंकड़ों के डिजिटलीकरण का काम पूरा हो गया है।
एनपीआर के उद्देश्य से ‘सामान्य निवासी’ को ऐसे व्यक्ति के रूप में परिभाषित किया जाता है जो किसी क्षेत्र में पिछले छह महीने या अधिक समय से निवास कर रहा हो या ऐसा व्यक्ति जो उस इलाके में अगले छह महीने या उससे अधिक समय तक रहना चाहता है।
महापंजीयक और जनगणना आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट के अनुसार अब 2021 की जनगणना के घरों को सूचीबद्ध करने के चरण के साथ अप्रैल 2020 से सितंबर 2020 तक एनपीआर को अपडेट करने का फैसला किया गया है। यह काम असम को छोड़कर शेष सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में किया जाएगा।
इस संबंध में इस साल अगस्त में राजपत्रित अधिसूचना जारी की गयी थी।
अधिसूचना में कहा गया, ‘‘नागरिकता (नागरिक पंजीकरण और राष्ट्रीय परिचय पत्र जारी करना) नियम, 2003 के नियम 3 के उप-नियम (4) के अनुरूप केंद्र सरकार राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी को तैयार करने और अपडेट करने का फैसला करती है।’’
एनपीआर में भारत के हर सामान्य निवासी के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
| Tweet![]() |