राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए था : खुर्शीद

Last Updated 09 Oct 2019 06:58:45 PM IST

लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे पर बहस चार महीने से भी ज्यादा समय से जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने बुधवार को कहा कि राहुल को पद पर बने रहना चाहिए था।




कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने आईएएनएस से कहा, "हमारे आग्रह के बावजूद, राहुल गांधीजी ने पद से इस्तीफा दे दिया। कई लोगों ने उन्हें पद पर बने रहने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने पद छोड़ दिया। यह उनका निर्णय था और हमें इसका आदर करना चाहिए।"

उन्होंने यह बयान ऐसे समय दिया है, जब महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में महज दो सप्ताह से भी कम समय बचा है और राहुल गांधी विदेश चले गए हैं, जिसे लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं।

रपटों के अनुसार, राहुल 'ध्यान' के लिए कंबोडिया गए हुए हैं।

मई में लोकसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद पार्टी अभी भी इससे उबरने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी के पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनने के बावजूद शीर्ष नेतृत्व पार्टी पर अपनी पकड़ बनाने में नाकाम रहा है।

पार्टी के कई नेता महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव से पहले पार्टी छोड़कर चले गए हैं।

वर्ष 2014 में, कांग्रेस ने 543 लोकसभा सीटों में से केवल 44 सीटें जीती थी, जिसके बाद पार्टी ने पूर्व मंत्री ए.के. एंटनी की अध्यक्षता में हार के कारणों की समीक्षा के लिए एक समिति का गठन किया था। इसकी रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में भी पार्टी को केवल 52 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

पार्टी की हार को लेकर केवल एक ही बात सार्वजनिक है कि एंटनी ने 2014 की हार के लिए कांग्रेस द्वारा अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण को जिम्मेदार ठहराया है।



हालांकि, इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के शर्मनाक प्रदर्शन के लिए कोई भी समिति गठित नहीं की गई।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment