कांग्रेस ही गांधी के सिद्धांतों पर चली है और चलेगी : सोनिया गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि कोई कितना भी दिखावा करें और खुद को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों के पुजारी होने का दावा करे लेकिन सच्चाई यही है कि गांधी के विचारों पर कांग्रेस ही चली है और आगे भी चलेगी।
![]() कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी |
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका नाम लिए बिना तीखा हमला किया। श्रीमती गांधी ने बुधवार को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर पार्टी की संदेश यात्रा को यहां राजघाट पर संबोधित करते हुए कहा ‘‘इन दिनों खुद को ‘भारत का भाज्ञ विधाता’ समझने वाले लोगों से मैं विनम्रता से कहना चाहती हूं कि गांधी जी नफरत के नहीं प्रेम के प्रतीक थे, तनाव के नहीं स्वच्छभाव के प्रतीक थे, वे निरंकुश नहीं जनतां के प्रतीक हैं। कोई कुछ भी दिखावा करे, गांधी जी के सिद्धांत पर कांग्रेस ही चली है कांग्रेस ही चलेगी।’’
उन्होंने संदेश यात्रा में शामिल लोगों का आहवान किया कि देश के बुनियादी मूल्य को बचाने, संवैधानिक संस्थानों तथा भारत की मिली जुली संस्कृति और पहचान को बनाए रखने के लिए गांधी जी के संदेश को देश के हर कोने के हर घर तक पहुंचाना है। भारत की बुनियादी अस्मिता, सांस्कृतिक विविधता, समभाव की विरासत और सदभाव के मूल्य को हर कीमत पर बचाना है।
श्रीमती गांधी ने कहा ‘‘आज कुछ लोग चाहते हैं कि गांधी जी नहीं वह खुद भारत का प्रतीक बन जाएं। उन्हें समझना चाहिए कि हमारे देश की मिली जुली सभ्यता है, हमारा मिला जुला समाज है और मिली जुली संस्कृति है और इसमें गांधी जी की समावेशी व्यवस्था के अलावा कुछ और नहीं सोचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग असत्य की राजनीति करते हैं कि वे कैसे समझेगे कि कि गांधी जी सत्य के पुजारी थे। जिन्हें अपनी सत्ता के लिए सब कुछ करना मंजूर है वे कैसे समझेगे कि गांधी जी सत्य के उपासक थे। जिनमें लोकतंत्र को सारी शक्ति मुट्ठी में रखने की प्यास है वे क्या समझेंगे कि गांधी जी का स्वराज क्या मतलब है। जिन्हें मौका मिलते ही खुद को सर्वे सर्वा बताने की इच्छा हो वे कैसे समझेंगे कि गांधी की निस्वार्थ सेवा का मूल्य क्या होता है।
श्रीमती गांधी ने कहा ‘‘देश ऐसे महापुरुष की जयंती मना रहा है जिन्होंने न सिर्फ भारत को बल्कि पूरी दुनिया को दिशा दी। आज ही के दिन 150 साल पहले ऐसे महापुरुष का भारत में जन्म हुआ जिन्होंने पूरी दुनिया को अहिंसा का सिद्धांत दिया। हमें गर्व है कि भारत जहां पहुंचा हैं वहां गांधीजी के कारण पहुंचा है।’’
उन्होंने श्री मोदी का नाम लिए बना उन पर हमला किया और कहा कि गांधी का नाम लेना आसान है लेकिन उनके रास्ते पर चलना आसान नहीं है। कुछ लोग गांधी जी का नाम लेकर भारत को उनकी बताई राह से हटाकर अपनी दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। पहले भी ऐसे प्रयास हुए है लेकिन पिछले कुछ वर्षो में ‘साम दाम दंड भेद’ का खुला प्रयोग हो रहा है और वे खुद को बहुत ताकतवर समझ रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन सब विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अगर भारत नहीं भटका है तो वजह इसकी बुनियाद में गांधीजी की विचारधारा की आधारशिला है। भारत और गांधी एक दूसरे के पर्याय है। पिछले पांच साल में हमारी जो हालत हुई है उसे देखकर गांधीजी की आत्मा भी दुखी होती होगी। किसान बदहाल है, बेरोजगारी चरम पर है, उद्योग धंधे बंद हैं। बहिनें, गांव तो छोडिए शहरों में भी सुरक्षित नहीं है। अत्याचार करने वाले प्रभावशाली लोग आराम फरमा रहे हैं और जिन पर जुल्म हुआ है उनको जेलों में डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांधी ने देश के गांव को आत्मनिर्भर बनाने का सिद्धांत दिया था और आजादी के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, नरसिम्हाराव तथा मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकारों ने दिन रात उनके मार्ग पर चलकर देश को उन्नत बनाया। कांग्रेस सरकारों ने देश के अन्नदाता किसान को मजबूत बनाया, महिलाओं, युवा और युवतियों के लिए शिक्षा की बेमिसाल सुविधा दी है।
कांग्रेस की संदेश पद यात्रा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यहां कांग्रेस भवन से होते हुए राजघाट तक पहुंची। इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैनरों और झंडों के साथ पहुंचे तथा गांधी जी अमर रहे, राहुल गांधी संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं, जैसे नारे लगाते हुए राजघाट पहुंचे जहां श्रीमती गांधी ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संबोधित किया।
| Tweet![]() |