केरल में भारी बारिश का कहर, 42 लोगों की मौत

Last Updated 10 Aug 2019 10:10:39 AM IST

केरल में मूसलाधार बारिश का कहर अब भी जारी है और बाढ़, भूस्खलन और बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। वहीं, एक लाख से अधिक लोगों ने राहत शिविरों में पनाह ली है।


सेना के जवानों ने वायनाड में नवजात बच्चे को बचाया

अधिकारियों ने सुबह सात बजे मिली रिपोर्ट के हवाले से बताया कि आठ अगस्त से अभी तक बारिश संबंधी घटनाओं में कोझिकोड और मलप्पुरम में जिले में 20 और वायनाड में नौ लोगों की जान गई है।     

उन्होंने बताया कि राज्य के 988 राहत शिविरों में 1,07,699 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया। वायनाड से सबसे अधिक 24,990 लोगों ने इन शिविरों में पनाह ली है।    

अधिकारियों ने बताया कि अब भी कई लोगों के मलप्पुरम और वायनाड में हुए भूस्खलन के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। वहां राहत अभियान जारी है।     

अधिकारियों ने बताया कि वायनाड में लगातार बारिश के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।     

अधिकारियों ने पानी का स्तर बढ़ने के कारण बाणसुर सागर बांध खोलने का संकेत भी दिया।     

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी शुक्रवार को कहा था कि बांध किसी भी समय खोला जा सकता है।     

जिला प्रशासन सुबह स्थिति का आकलन करने के बाद इस संबंध में निर्णय लेगा।

भाषा
तिरुवनंतपुरम


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment