पांच मुख्यमंत्री मनाते रहे, नहीं माने राहुल

Last Updated 02 Jul 2019 05:52:36 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सुना अवश्य पर वह इस्तीफा वापस लेने के लिए नहीं माने।


पांच मुख्यमंत्री मनाते रहे, नहीं माने राहुल

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायण सामी इस्तीफा वापस लेने के लिए राहुल को मनाने उनके निवास पर पहुंचे थे। अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख नितिन राऊत ने भी सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनकी बातों को सुना है, उम्मीद है वह हमारे आग्रह पर गौर करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रियों ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह अध्यक्ष पद पर बने रहें, उन्हें (राहुल) यह भी कहा गया कि उनका कोई विकल्प नहीं है। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने सभी मुख्यमंत्रियों को धैर्यपूर्वक सुना, आशा है कि वह हमारे आग्रह को स्वीकार करेंगे।

हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता बताते हैं कि राहुल गांधी नहीं माने हैं, उन्होंने मुख्यमंत्रियों को भी साफ कर दिया कि वह आगे अध्यक्ष नहीं रहेंगे। कुछ मुख्यमंत्रियों ने हार की जिम्मेदारी स्वीकार करके भी राहुल को मनाने की कोशिश की पर इसका उन पर असर नहीं हुआ।

एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राहुल ने एक बार भी अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आश्वासन नहीं दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल से मुलाकात से पहले ट्विटर पर उनकी प्रशंसा करते हुए लिखा कि चुनाव को मुद्दा आधारित बनाए रखने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने सर्वश्रेष्ठ प्रयास किए।

उन्होंने यह भी कहा कि 2019 के चुनाव नतीजे कांग्रेस के कार्यक्रम, नीति और विचारधारा की हार नहीं थी। गहलोत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कई मोचरे पर मोदी सरकार की विफलता के बावजूद भाजपा सरकारी मशीनरी की मदद से उग्रवाद और राष्ट्रवाद के पीछे अपनी विफलता को छिपा ले गई।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment