दो बहनों के बाद अब केशनी आनंद अरोड़ा भी बनीं हरियाणा की मुख्य सचिव

Last Updated 01 Jul 2019 03:16:18 PM IST

हरियाणा सरकार ने रविवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशनी आनंद अरोड़ा को राज्य की नयी मुख्य सचिव नियुक्त किया।


केशनी आनंद अरोड़ा, मीनाक्षी आनंद चौधरी और उर्वशी गुलाटी

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया कि अरोड़ा (58) डी एस धेसी का स्थान लेंगी जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुए।     

अरोड़ा पूर्व में हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तीय आयुक्त, राजस्व और आपदा प्रबंधन और समेकन विभाग, के तौर पर काम कर चुकी हैं।      

1966 में अलग राज्य बनने के बाद वह हरियाणा की 33वीं मुख्य सचिव होंगी।      

आदेश में कहा गया है कि 1983 हरियाणा काडर की आईएएस अधिकारी इसके साथ ही सामान्य प्रशासन, कार्मिक, प्रशिक्षण, संसदीय मामलों, प्रशासनिक सुधार विभागों और योजना समन्वय की सचिव प्रभारी भी होंगी।     

उल्लेखनीय है कि केशनी ऐसे परिवार से आती हैं जिसमें उनकी दो बहनें पूर्व में हरियाणा की मुख्य सचिव के तौर पर कार्य कर चुकी हैं।     

केशनी से पहले मुख्य सचिव रह चुकी मीनाक्षी आनंद चौधरी और उर्वशी गुलाटी उनकी बहनें हैं। 

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment