राहुल के समर्थन में कई कनिष्ठ नेताओं के इस्तीफे की खबर

Last Updated 28 Jun 2019 11:45:32 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे पर अड़े होने की पृष्ठभूमि में पार्टी के कई कनिष्ठ नेताओं के गांधी के प्रति समर्थन जताते हुए इस्तीफ़ा देने की खबर है।


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कई सचिवों, कई प्रदेश इकाइयों के पदाधिकारियों और युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिए हैं अथवा इस्तीफे की पेशकश की है।      

युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने गांधी के समर्थन में इस्तीफा देने को लेकर हस्ताक्षर मुहिम भी शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक इस पर कई पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं जिनमें ज्यादातर कनिष्ठ लोग शामिल हैं।    

इन इस्तीफों पर फिलहाल पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।      

इससे पहले बृहस्पतिवार रात पार्टी के विधि विभाग के प्रमुख विवेक तन्खा ने इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपने पद छोड़ देने चाहिए ताकि राहुल गांधी अपनी नई टीम बना सकें।    

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था।    



इसके बाद से गांधी लगातार इस्तीफे की पेशकश पर अड़े हुए हैं। हालांकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे आग्रह किया है कि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते रहें।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment