पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा

Last Updated 10 Apr 2019 06:23:24 AM IST

लोकसभा के पहले चरण की बिसात पूरी तरह से बिछ चुकी है। पहले चरण के लिए 20 राज्यों के 91 सीटों के लिए 1279 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।


पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा

इनमें से 557 प्रत्याशी निर्दलीय भी हैं। 11 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीटों के लिए सर्वाधिक 443 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 298 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। यहां अकेले निजामाबाद सीट पर 185 प्रत्याशी हैं, जिनमें से 179 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की इतनी अधिक संख्या स्थानीय लोगों के गुस्से कारण है। चुनाव आयोग ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार 11 व 18 अप्रैल को ही होंगे।
लोकसभा के सात चरणों के चुनाव में पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गयी है। 17वीं लोकसभा के लिए नवसृजित तेलंगाना राज्य में पहली बार चुनाव हो रहा है। यहां की 17 लोकसभा सीटों के लिए 443 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 298 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। तेलंगाना में दो करोड़ 95 लाख 30838 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां पहली बार 18-19 वर्ष के पांच लाख 99 हजार 933 युवा मतदाता वोट डांलेंगे। आंध्र प्रदेश की सभी 25 सीटों के पहले चरण में मतदान है। यहां 25 सीटों के लिए 319 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। असम में 14 में से पांच सीटों के लिए पहले चरण में मतदान हैं। यहां 41 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

महाराष्ट्र में 48 में से सात सीटों के लिए पहले चरण में मतदान होगा। यहां से सात सीटों पर 116 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ओडिशा में 21 में से चार संसदीय सीटों के लिए 26 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश की 80 संसदीय सीटों में आठ सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना हैं। इसके लिए 96 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें 22 प्रत्याशी निर्दलीय भी हैं। इसी तरह से उत्तराखंड की सभी पांच सीटों के लिए पहले चरण में मतदान है और यहां 17 निर्दलीय प्रत्याशियों सहित 52 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में 40 से चार सीटों पर चुनाव के लिए पहले चरण में 44 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 11 निर्दलीय प्रत्याशी हैं।
एजेंसियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे स्टार प्रचारकों ने जमकर चुनाव प्रचार किया और मतदाताओं से अपने-अपने उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की। चुनाव प्रचार के दौरान रोड-शो, कारों और गाड़ियों का काफिला, मोटरसाइकिलों की रैली और गगनभेदी नारों तथा पार्टी के झंडों से सड़कें पूरी तरह पटी रहीं। इन स्टार प्रचारकों ने अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा तथा अपनी पार्टी की जीत के लिए जनता को लुभावने सपने भी दिखाये और विकास कार्योंं के आश्वासन दिये।

विनोद श्रीवास्तव/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment