शहीद दिवस: पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को किया याद

Last Updated 23 Mar 2019 10:01:45 AM IST

शहीद दिवस पर प्रधानमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने आज भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद कर उन्हें नमन किया।




दिग्गजों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वीर सपूतों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद दिवस पर नमन किया है।

मोदी ने शनिवार को ट्विटर पर अपने संदेश में कहा, ‘‘आजादी के अमर सेनानी वीर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद दिवस पर शत-शत नमन। भारत माता के इन पराक्रमी सपूतों के त्याग, संघर्ष और आदर्श की कहानी इस देश को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। जय हिंद!

 

पीएम मोदी के अलावा शिवराज सिंह चौहान, चंद्रबाबू नायडू, वसुंधरा राजे और अमित शाह आदि ने भी ट्वीट किए।

आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने लिखा, 'शहीद दिवस पर मैं भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद करता हूं। आशा है कि हम लोग वैसा भारत बनाने में कामयाब हों जिसके लिए इन लोगों ने बलिदान दिया।'

 

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने लिखा, 'देशवासियों के लिए स्वाधीनता और स्वतंत्र राष्ट्र एक सपना मात्र थे। उस समय भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अपने बलिदान से न सिर्फ समस्त क्रांतिकारियों में एक आदर्श स्थापित किया बल्कि करोड़ों युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए प्रेरित किया। इन अमर शहीदों को कोटि-कोटि नमन।'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शहीद दिवस पर आजादी के दीवाने भगत सिंह, सुखदेव और  राजगुरु को श्रद्धांजलि दी है ।

गांधी ने ट्विटर पर अपने संदेश में कहा, ‘‘भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु सिर्फ नाम नहीं हैं, हमारे रगों में दौड़ता क्रांति का जज्बा हैं। उनका जीवन आज भी हमें मजबूत बनाता है, आजाद बनाता है, इंसान बनाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शहीद दिवस पर हमारे वीरों को शत शत नमन। उनके विचारों और आदर्श की लड़ाई हम जारी रखेंगे।’’

 

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा, 'देश की स्वतंत्रता व स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले आजादी के महानायकों शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव जी को शहीद दिवस पर कोटि-कोटि नमन। आपका अमर बलिदान अनंतकाल तक देशवासियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।'


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, 'मां की कोख को धन्य करने वाले सपूत, राजगुरु व सुखदेव को शहीद दिवस पर नमन। आप जैसे रत्न देश का गौरव हैं। राष्ट्र का कण-कण अनंतकाल तक आपका ऋणी रहेगा।'

 

गौरतलब है कि 23 मार्च, 1931 की मध्यरात्रि को अंग्रजों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फाँसी दे दी थी। उनकी शहादत को श्रद्धांजलि देने के लिए इस दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।

 

समय लाइव डेस्क/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment