अमेरिका : तूफान ’लॉरा‘ लूसियाना तट से टकराया

Last Updated 28 Aug 2020 06:17:22 AM IST

अमेरिका में ‘लॉरा’ श्रेणी चार के तूफान के तौर पर मजबूत होकर ‘बेहद खतरनाक’ तूफान में बदलने के बाद बृहस्पतिवार तड़के लूसियाना के तट से टकराया। अमेरिकी अधिकारियों ने इस तूफान के बेहद विनाशकारी प्रभाव की चेतावनी दी है।


अमेरिका : तूफान ’लॉरा‘ लूसियाना तट से टकराया

राष्ट्रीय चक्रवात केंद्र ने बताया, तूफान लॉरा की वजह से 240 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल रही हैं। राज्य में यह अपने साथ विनाशकारी तूफान, खतरनाक हवाएं और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति लेकर आया है।
लूसियाना और टेक्सास तटों की ओर बढ़ते हुए यह तूफान बेहद तेजी से श्रेणी चार में बदला था और तट से टकराते समय यह सबसे खतरनाक श्रेणी पांच में बदलने के कगार पर था। पूर्वानुमान लगाने वालों का कहना है कि इसकी हवाएं इमारतों को ध्वस्त कर सकती हैं, पेड़ों को उखाड़ सकती हैं और वाहनों को हवा में उछाल सकती है। लॉरा की वजह से उत्तर और पूर्व में बाढ़ आने का खतरा है। इससे अरकंसास, ओहायो और टेनिसी घाटी प्रभावित होंगी। लॉरा से कहीं-कहीं आंधी के साथ बवंडर की भी संभावना है। राष्ट्रीय तूफान केंद्र की ओर से जारी परामर्श में बताया गया है कि अभी ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ह्यूस्टन बड़े पैमाने पर क्षति और बिजली जाने जैसी मुश्किल का सामना करने से बच जाएगा। हालांकि यहां तेज हवाएं और तूफानी मौसमों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं विनी, लिबर्टी, लि¨वगस्टोन जैसे पूर्वी शहर अब भी खतरनाक हवाओं का सामना कर  सकते हैं।

लूसियाना के गवर्नर कहा था कि लूसियाना में तूफान की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति होनी शुरू हुई है और वह भी तूफान से पहले। टेक्सास के तटीय इलाकों गॉलवेस्टोन, बेयूमाउंट और पोर्ट आर्थर के चार लाख लोगों को स्थान खाली करने को कहा गया है। टेक्सास के गवर्नर ने बुधवार को कहा था कि इस तूफान की राह में आने वाले स्थानों के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए। इसी बीच भारतीय-अमेरिकी गैर लाभकारी संगठन सेवा इंटरनेशनल ने तैयारियों और राहत कार्य में मदद के लिए अपने स्वयंसेवकों को लगाया है।

भाषा
ह्यूस्टन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment