चीन में कोरोना वायरस से 41 की मौत

Last Updated 26 Jan 2020 06:43:01 AM IST

चीन में कोरोनावायरस के कहर से 41 लोगों की मौत हो चुकी है और 1287 लोगों के वायरस की चपेट में आने की पुष्टि हुई है।


वुहान के एक अस्पताल में कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की देखभाल करते चिकित्सक।

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि 1,287 पुष्ट मामलों में से शुक्रवार रात तक 237 लोगों की हालत गंभीर बताई गई थी। मरने वालों में एक डॉक्टर भी शामिल है।
आयोग ने बताया कि कुल 1,965 संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट है। यह वायरस बृहस्पतिवार तक हांगकांग, मकाऊ, ताइवान, नेपाल, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, वियतनाम और अमेरिका तक फैल गया। जापान ने शुक्रवार को वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि की।

तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से निपटने के लिए चीन ने वुहान में एक हजार बिस्तर वाला अस्पताल बनाना शुरू कर दिया है जिसके दस दिन से कम समय में तैयार होने की उम्मीद है। उसने वुहान तथा हुबेई प्रांत के 12 अन्य शहरों में इलाज के लिए सैन्य चिकित्सकों को तैनात करना भी शुरू कर दिया है। वुहान और हुबेई में सभी सार्वजनिक यातायात पूरी तरह से बंद हैं। इस वायरस के चलते शनिवार से शुरू हुए चीन के नववर्ष का जश्न भी फीका हो गया है। वायरस के खौफ के चलते पेइचिंग समेत कई शहरों में विशेष कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। इस उत्सव को वसंत महोत्सव के नाम से भी जाना जाता है। वायरस को फैलने से रोकने के लिए बीजिंग में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई ने पेइचिंग, हुबेई, हुनान, झेजियांग, अन्हुई और ग्वांगदोंग प्रांतों के बाद सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा की आपात प्रतिक्रिया का स्तर बढ़ाकर एक कर दिया है।
फ्रांस में दो मामलों की पुष्टि : फ्रांस ने चीन में कहर बरपा रहे जानलेवा वायरस से दो लोगों के चपेट में आने की शुक्रवार को घोषणा की। यह यूरोप में वायरस का पहला मामला है। स्वास्थ्य मंत्री एग्निस बुजिन ने दो मामलों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दोनों बीमार लोगों ने चीन की यात्रा की थी। मंत्री ने कहा कि उन्हें और मामले सामने आने की आशंका है। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास दो मामले हैं। और मामले आने की आशंका है।’
चीन ने पांच और शहरों को बंद किया : चीन ने घातक विषाणु कोरोनावायरस के फैलने की आशंका को देखते हुए और विषाणु पर नियंतण्रकरने के मद्देनजर इससे प्रभावित शहर के आसपास मौजूद पांच और शहरों में शनिवार को यात्रा प्रतिबंध की घोषणा की, जिससे अब करीब 5.6 करोड़ की आबादी प्रभावित है। वुहान में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यात्रा प्रतिबंध में सार्वजनिक परिवहन संपर्क और शहरों को जोड़ने वाले राजमार्ग शामिल हैं। मध्य हुबेई प्रांत में अब तक कुल 18 शहरों में यात्रा प्रतिबंध लगे हैं।
भारतीय छात्रों को वुहान छोड़ने की इजाजत देने का ’अनुरोध‘ : कोरोना विषाणु के फैलने के बीच समझा जाता है कि भारत ने चीन से अनुरोध किया है कि वुहान में फंसे 250 भारतीय छात्रों को शहर छोड़ने की इजाजत दी जाए। माना जाता है कि भारत के करीब 700 छात्र वुहान और आसपास के इलाकों में स्थित विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे हैं, जिनमें अधिकतर मेडिकल के छात्र हैं। प्रशासन ने किसी के भी वुहान छोड़ने पर रोक लगा दी है। अधिकतर भारतीय छात्र चीनी नव वर्ष की छुट्टियों की वजह से अपने घर चले गए हैं।

 

भाषा
पेइचिंग


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment