न्यूड फोटोशूट को लेकर मुश्किल में रणवीर सिंह, मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की सोशल मीडिया पर जारी की गई निर्वस्त्र तस्वीरों को लेकर, उनके खिलाफ मंगलवार को एक प्राथमिकी दर्ज की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
![]() न्यूड फोटोशूट मामले में रणवीर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज |
मुंबई स्थित एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ने अभिनेता के खिलाफ चेंबूर पुलिस से शिकायत की थी।
चेंबूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 292 (अश्लील किताबों आदि की बिक्री), 293 (युवाओं को अश्लील सामग्री की बिक्री), 509 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्द कहना, संकेत करना या कृत्य करना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है।
एनजीओ के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया था कि अभिनेता ने अपनी तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को आहत किया और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर नग्न तस्वीरों के जरिए ‘‘महिलाओं की भावनाएं आहत करने’’' के आरोप में अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी। इस सिलसिले में मुंबई पुलिस को सोमवार को दो शिकायतें दी गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुंबई के उपनगर में एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के पदाधिकारी और एक महिला वकील ने अपनी शिकायतें चेंबूर थाने में दी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनजीओ के पदाधिकारी ने कहा कि अभिनेता ने अपनी तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को आहत किया और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
शिकायतकर्ता ने अभिनेता के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी कानून और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई थी।
पूर्व पत्रकार एवं वकील द्वारा दर्ज करायी गई शिकायत में भी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में रणवीर के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की गयी है।
रणवीर सिंह ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’ और ‘गली बॉय’ जैसी कई हिट फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।
| Tweet![]() |