ऋषि कपूर की फिर बिगड़ी तबीयत, मुंबई के अस्पताल में हुए भर्ती

Last Updated 06 Feb 2020 12:04:34 PM IST

अनुभवी अभिनेता ऋषि कपूर को वायरल बुखार के कारण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सप्ताह उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल से छुट्टी मिली थी।


ऋषि कपूर फिर अस्पताल में भर्ती (फाइल फोटो)

कपूर परिवार के एक करीबी सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि 67 वर्षीय अभिनेता को सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी दिन अभिनेता ने ट्विटर पर कहा था कि वह घर वापस आ गए हैं और उनकी तबीयत ‘‘ठीक’’ है।       

सूत्र ने बताया, ‘‘उन्हें वायरल बुखार के कारण दो दिन पहले दक्षिण मुंबई में सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।’’      
अभिनेता करीब एक साल तक अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद गत वर्ष सितंबर में भारत लौटे थे।      

ऋषि कपूर के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी बीमारी के लौट आने की अटकलों के बारे में कपूर ने सोमवार को ट्विटर पर स्पष्टीकरण दिया था।  उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘प्रिय परिजनों, दोस्तों, दुश्मनों और शुभ चिंतकों, मेरे स्वास्थ्य को लेकर आपकी चिंता से अभिभूत हूं। शुक्रिया..। मैं पिछले 18 दिन से दिल्ली में शूटिंग कर रहा था और प्रदूषण के कारण न्यूट्रोफिल कम हो गया था। मुझे संक्रमण हो गया था, जिसकी वजह से मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।’’      



अभिनेता ने कहा, ‘‘मुझे हल्का बुखार था, डॉक्टरों को लगा कि निमोनिया हो सकता था। इसका इलाज कर लिया गया है। लोग कई तरह की अटकलें लगा रहे थे। मैं उन सभी खबरों पर विराम लगाना चाहूंगा और आप सभी का मनोरंजन करने और आपसे प्यार करने को उत्सुक हूं। मैं अब मुम्बई में हूं।’’      



अभिनेता ने हाल ही में हॉलीवुड फिल्म ‘द इंटर्न’ के रीमेक में नजर आने की घोषणा की थी। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी।
 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment