अमिताभ के 75वें जन्मदिन पर बॉलीवुड, खेल जगत सहित कई हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

Last Updated 11 Oct 2017 12:21:00 PM IST

महानायक अमिताभ बच्चन के 75वें जन्मदिन पर आज बॉलीवुड, खेल जगत सहित कई हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. बिग बी का आज 75वां जन्मदिन है.


महानायक अमिताभ बच्चन (फाइल फोटो)

अभिनेता रणवीर सिंह ने बिग बी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, सभी को अमिताभ बच्चन दिवस मुबारक हो. 

 

फिल्म अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता राकेश रोशन ने लिखा, अमित जी, जन्मदिन मुबारक.  फिल्मकार एवं कोरियोग्राफर फराह खान ने लिखा, वह जादू करते हैं या जादू उनसे है? जन्मदिन मुबारक हो . 
     
अभिनेत्री ने ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर अमिताभ के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, अमित जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करती हूं. 


       
कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने लिखा,   कला, समर्पण, दृढ़ संकल्प, नवाचार के मास्टर और पूरे देश के लिए प्रेरणा अमिताभ को जन्मदिन मुबारक हो. 
      
अभिनेता एवं छोटे पर्दे के मशहूर मेजबान मनीष पॉल ने भी अमिताभ के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा,   अमिताभ सर आपको जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं. खुश रहें,  हमेशा हम सबको प्रेरणा देते रहें जैसे हमेशा देते रहे हैं. 


      
मशहूर शेफ विकास खन्ना ने लिखा, श्री अमिताभ बच्चन जी आपको 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं. आप जैसे हैं वैसा होने के लिए शुक्रि या. भारत की आवाज होने के लिए शुक्रिया. 
      
एंकर रजत शर्मा ने लिखा, सदी के महानायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आप लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हैं. आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं.  


       
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने 75वें जन्मदिन पर मिले प्यार और बधाई संदेशों के लिए प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए फेसबुक और ट्विटर पर भावुक संदेश लिखें. अमिताभ ने फेसबुक पर दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,  जन्म दिवस पर आप सब का जो प्यार स्नेह और आदर मिला , उसे धन्यवाद देना , औपचारिक ना होगा .. उनका वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता .. केवल उनका व्याख्यान किया जा सकता है , और व्याख्यान की भी शुरआत हो नहीं पा रही है .. फिर भी अनेक अनेक धन्यवाद . 

 

बिग बी ने ट्विटर पर लिखा कि 75 का होने पर विभिन्न माध्यमों से लोगों ने मुझे जो प्यार दिया है.उससे अभिभूत हूं.. इसके लिए शुक्रिया काफी नहीं है.

खेल जगत की कई शख्सियतों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.
       
पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बच्चन की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, महानायक को जन्मदिन मुबारक हो, हमारे देश के महानतम सुपरस्टार अमिताभ बच्चन.       

   
      
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने लिखा, सुपरस्टार और बेहतरीन सज्जन पुरष को जन्मदिन मुबारक. 
      
सुरेश रैना ने लिखा, जन्मदिन मुबारक हो अमिताभ सर. आप अपने जीवन के सभी कामों से हमें प्रेरित करते रहें. आपको बहुत सारा प्यार. 
      
क्रि केटर मोहम्मद कैफ ने लिखा, महानायक अमिताभ जी को जन्मदिन की बहुत शुभकामनाएं. इलाहबादी होने पर गर्व है- छोरा गंगा किनारे वाला.  
      
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने लिखा, सर, आपको जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं..आप यह सच में साबित करते हैं कि उम्र बस एक आंकड़ा है. जन्मदिन मुबारक हो सर. 


      
मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने लिखा, अधूरा सा जिसके बिना सिनेमा वो शतक के पार हो. जन्मदिन की हार्दिक शुभकामना. 

 

भाषा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment