Dhanteras 2023: धनतेरस पर खरीदारों की उमड़ रही भीड़, बाजार में सोने की बिक्री में आई तेजी

Last Updated 10 Nov 2023 01:35:43 PM IST

दुनिया के सबसे बड़े सोने के उपभोक्ता देश भारत में दिवाली से पहले धनतेरस पर सोने और चांदी की खरीदारी शुक्रवार को सोने की कीमतों में नरमी के साथ उपभोक्ता मांग में सुधार के चलते सकारात्मक रही।


सोने का भाव 28 अक्टूबर को 63,000 रुपये के उच्चतम स्तर से 800-1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) तक गिर गया। इससे धनतेरस पर खरीदारी को बढ़ावा मिला जिसे हिंदू पंचांग में कीमती धातुओं से लेकर अन्य वस्तुओं की खरीद के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है।

कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने की बिक्री पिछले साल के स्तर को पार कर जाएगी।

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें 400 रुपये गिरकर 60,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गईं।

दिल्ली में 2022 में धनतेरस के दिन सोने की कीमतें करों को छोड़कर 50,139 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं। सामान्य वर्षों में धनतेरस के दिन करीब 20-30 टन सोने की बिक्री होती है।

कारोबारियों ने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जो देर रात तक जारी रहेगी।

द्रिकपंचांग के अनुसार, धनतेरस पर चांदी तथा सोना खरीदने का सबसे अच्छा मुहूर्त शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट बजे शुरू होगा और 11 नवंबर को दोपहर एक बजकर 57 मिनट पर समाप्त होगा।

ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) के निदेशक दिनेश जैन ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ सोने की कीमतें कारोबार के लिए अनुकूल हैं। हम आज अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। हमें उपभोक्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और ग्राहकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।’’

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment