एक दिन में चार लाख लोगों ने की हवाई यात्रा
अंबडेकर जयंती, गुड फ्राइडे के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियों में लोग खुद को सैर-सपाटे पर निकलने से नहीं रोक पाए।
![]() एक दिन में चार लाख लोगों ने की हवाई यात्रा |
इन बीते चार दिनों की छुट्टियों में लोगों ने देशभर में घूमने के लिए खूब सफर किया। इसके लिए लोगों ने जमकर हवाई यात्राएं कीं। लिहाजा रविवार 17 अप्रैल को अपने भ्रमण कर वापसी के कारण एक दिन में हवाई यात्रियों की संख्या करीब चार लाख आठ हजार तक पहुंच गई। कोविड के दौरान पहली बार दो वर्ष के बाद घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या चार लाख के पार पहुंची है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर बताया दैनिक घरेलू यात्रियों की आवाजाही ने दो वर्ष के बाद एक नया रिकार्ड बनाया है।
गौरतलब है कि मार्च 2020 से कोविड-19 के कारण विमानन क्षेत्र अपनी पुरानी स्थिति में नहीं लौट पा रहा था। कोविड की पहली लहर, दूसरी लहर और फिर तीसरी लहर के कारण विमानन क्षेत्र रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा था। इस दौरान कोरोना संबंधी कई तरह की पाबंदियों के कारण भी हवाई यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ रही है लेकिन बीते छह महीने के दौरान दैनिक घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में बेहतर स्थिति देखी जा रही है।
किसी दिन साढ़े तीन लाख यात्री तो किसी दिन 3.96 लाख यात्री हवाई यात्रा कर रहे हैं। चार लाख हवाई यात्रियों का आंकड़ा बीते दो वर्ष के दौरान एक दिन में नहीं पहुंचा था लेकिन बीते चार दिनों की छुट्टियों के दौरान हवाई यात्रियों की संख्या अच्छी रही है। यही कारण है कि रविवार 17 अप्रैल को एक दिन में 4,07,975 यात्रियों ने घरेलू हवाई यात्रा की।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार कोविड के बीते दो वर्ष के दौरान पहली बार 17 अप्रैल को 2,838 विमानों के जरिये चार लाख आठ हजार यात्रियों ने सफर किया। देश के विभिन्न घरेलू हवाई अड्डों पर 7,99,957 यात्रियों ने आगमन और प्रस्थान किया। इससे यह माना जा रहा है कि अगर कोविड का प्रभाव नहीं बढ़ता है तो जल्दी ही घरेलू विमानन क्षेत्र में यात्रियों की संख्या पुरानी स्थिति में लौट आएगी।
| Tweet![]() |