चोकसी विलफुल डिफाल्टर घोषित

Last Updated 04 Oct 2019 06:43:07 AM IST

सार्वजनिक क्षेत्र के यूनाइटेड बैंक आफ इंडिया ने भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी और उसकी कंपनी गीतांजलि जेम्स को ‘जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वाला’ यानी विलफुल डिफाल्टर घोषित किया है।


मेहुल चोकसी (file photo)

बैंक की ओर से इस बारे में सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है। चोकसी और उसकी कंपनी को 332 करोड़ रुपए का बकाया चुकाने का नोटिस भी भेजा गया है।

सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में फरवरी, 2018 में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसके मामा चोकसी इस घोटाले के सूत्रधार हैं। इन दोनों ने बैंक की दक्षिण मुंबई की ब्रैडी हाउस शाखा के जरिए पीएनबी को 13,000 करोड़ रुपए का चूना लगाया था। सार्वजनिक नोटिस के अनुसार यूनाइटेड बैंक ने कंपनी और चोकसी को जून तिमाही से जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वाला घोषित कर दिया।

बैंक ने कंपनी को कर्ज चुकाने के लिए कई बार नोटिस भेजा था। नोटिस के बावजूद कर्ज अदा नहीं किए जाने के बाद बैंक ने यह कदम उठाया है। चोकसी के अलावा उसकी पत्नी प्रीति चोकसी और गीतांजलि जेम्स के निदेशकों को भी बैंक की ओर से नोटिस दिया गया है।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment