शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी, 400 अंक लुढ़का सेंसेक्स

Last Updated 02 Aug 2019 12:28:35 PM IST

कमजोर विदेशी संकेतों और घरेलू कारकों से घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा।


सेंसेक्स 400 अंक लुढ़का (फाइल फोटो)

शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा का गोता लगाते हुए 36,607 तक गिर गया। निफ्टी भी 130 अंक लुढ़क कर 10,848.95 पर आ गया। अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक मोर्चे पर फिर खटास आ जाने से एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर चीनी वस्तुओं के आयात पर नया शुल्क लगाने की चेतावनी दी है।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव को लेकर शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट आई।

हालांकि भारतीय शेयर बाजार में बाद में थोड़ी रिकवरी आई। पूर्वाह्न् 11.17 बजे में सेंसेक्स 295.57 अंकों यानी 0.80 फीसदी की गिरावट के साथ 36,722.75 पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी 94.85 अंकों यानी 0.86 फीसदी की गिरावट के साथ 10,885.15 पर कारोबार कर रहा था।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सत्र के आरंभ में 98.21 अंकों की कमजोरी के साथ 37,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे 36,920.11 पर खुला और कारोबार के दौरान 410 अंक लुढ़क कर 36,607.41 पर आ गया। पिछले सत्र में सेंसेक्स 37,018.32 पर बंद हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी करीब 50 अंकों की कमजोरी के साथ 10,930.30 पर खुला और 10,935.35 तक उछला, लेकिन जल्द ही 131 अंकों का गोता लगाते हुए 10,848.95 पर आ गया। पिछले सत्र में निफ्टी 10,980 पर बंद हुआ था।
 

ट्रंप की नयी शुल्क घोषणा ने वैश्विक बाजारों को किया बदहाल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन के सामानों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा ने वैश्विक बाजारों को धराशायी कर दिया है। इसके कारण वाल स्ट्रीट लाल निशान में चला गया, कच्चे तेल में भारी गिरावट देखने को मिली और अमेरिका के सरकारी ऋणपत्रों से मिलने वाला वित्तीय प्रतिफल गिर गया।      

ट्रंप ने चीन के 300 अरब डॉलर के सामानों पर 10 प्रतिशत का अतरिक्त शुल्क लगाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। फेडरल रिजर्व द्वारा बुधवार को एक दशक से भी अधिक समय में पहली बार ब्याज दर घटाने के बाद बाजार पहले ही दबाव में था। ट्रंप की घोषणा ने निवेशकों की परेशानी और बढा दी।      

अधिकांश अमेरिकी सूचकांक गुरूवार को कारोबार के दौरान एक प्रतिशत से अधिक तेजी में चल रहे थे। ट्रंप के ट्वीट के बाद स्थिति ठीक उलट हो गयी।      

घोषणा के बाद डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.1 प्रतिशत गिर गया। खुदरा कंपनियों पर सबसे बुरा असर देखने को मिला। बेस्ट बाय 10.8 प्रतिशत, टारगेट 4.4 प्रतिशत और मैकीज 6.7 प्रतिशत लुढक गयी। अमेजन और वालमार्ट के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली।      

अमेरिका के सरकारी ऋणपत्रों से मिलने वाले वित्तीय प्रतिफल में भी गिरावट देखने को मिली। यह वृद्धि का परिदृश्य नरम होने का संकेत है।      

शुल्क की घोषणा के बाद कच्चे तेल में भारी गिरावट देखने को मिली। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 7.90 प्रतिशत गिरकर 53.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। यह फरवरी 2015 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है।      
 

आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment