Sudan से निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी

Last Updated 26 Apr 2023 01:13:32 PM IST

अफ्रीका के तीसरे सबसे बड़े देश सूडान (Sudan crisis) में पिछले दस दिनों से जारी हिंसा और उथल-पुथल में सैकड़ों लोग मारे गए और हजारों घायल हो गए हैं।


ऑपरेशन कावेरी

अन्य देशों की तरह भारत ने भी सूडान में फंसे अपने नागरिकों (India also stranded Indians in Sudan) को स्वदेश वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ (Operation Kavery) शुरू किया है। ईद के अवसर पर युद्ध विराम लागू होने के बाद भारत ने अपने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। ऑपरेशन कावेरी के तहत आईएनएस सुमेधा 278 लोगों को लेकर पोर्ट सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हो गया है।

जेद्दा में और सऊदी अरब में भारतीय वायुसेना के दो विमान इन भारतीयों को रेस्क्यू करने के लिए तैनात हैं। सूडान और आसपास के क्षेत्रों में करीब चार हजार भारतीय नागरिक हैं। पिछले कुछ वर्षो के दौरान पश्चिम एशिया और अफ्रीकी देशों के साथ भारत के राजनयिक संबंध काफी मजबूत हुए हैं।

राजनयिक कुशलता की धार भी पैनी हुई है जिसके चलते आंतरिक या बाह्य संकटों के कारण मुसीबत में फंसे देशों से अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने में भारत को सफलता मिली है। अभी पिछले वर्ष यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को नई दिल्ली रेस्क्यू किया गया था। सूडान पूर्वी अफ्रीका का सबसे बड़ा देश है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में सोना के खानों पर कब्जा करने के लिए अर्धसैनिक बल और सेना के बीच लड़ाई चल रही है। अप्रैल 2019 में एक लोकप्रिय आंदोलन के बाद क्रूर तानाशाह ओमर अल बशीर को सत्ता से हटना पड़ा था।

अंतरिम लोकतांत्रिक सरकार का अंतरराष्ट्रीय बिरादरी ने स्वागत किया था, लेकिन सेना का नेतृत्व करने वाले जनरल अब्देल-फतेह बुरहान और अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्स’ का नेतृत्व करने वाले मोहम्मद हमदान दगालो के बीच सत्ता संघर्ष से देश में लोकतंत्र की स्थापना की मांग करने वाले लोगों की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है। यही वजह है कि 2019 के बाद से सूडान राजनीतिक अस्थिरता, संघर्ष और हिंसा के दौर से गुजर रहा है।

वर्तमान समय में देश की राजधानी खातरुम संषर्घ का केंद्र बना हुआ है। पूरा शहर वीरान है। लाखों लोग घरों में अपने को बंद कर लिये हैं। हालांकि सऊदी अरब और अमेरिका द्वारा मध्यस्थता करने के सकारात्मक परिणाम आए हैं। दोनों युद्धरत पक्षों ने 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमति दी है। संघर्ष और तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेश की ओर से तनाव में कमी और लड़ाई रोकने की कोशिशें की जा रही हैं।

समयलाइव डेस्क


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment