हमले का खतरनाक संकेत

Last Updated 20 Nov 2018 06:57:57 AM IST

अमृतसर के राजासांसी के अदलिवाला गांव में निरंकारी पंथ की धार्मिंक सभा पर हुआ आतंकवादी हमला पंजाब में आने वाले बड़े खतरे का संकेत है।


हमले का खतरनाक संकेत

पिछले कुछ समय से पंजाब में अतिवाद एवं आतंकवाद के संदर्भ में जिस तरह की खबरें आ रही थीं, उनको देखते हुए इस हमले से आश्चर्य नहीं हुआ। लेकिन चिंता अवश्य बढ़ी है। पंजाब पुलिस के पास एक ओर कश्मीरी आतंकवादियों के प्रदेश में प्रवेश करने की सूचना थी तो खालिस्तानी तत्वों द्वारा फिर से हिंसा व विध्वंस फैलाने की साजिशों का भी इनपुट था। जालंघर में एक खालिस्तानी आतंकवादी गिरफ्तार हुआ था, जिसने पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा दीपावली के आसपास विस्फोट कराने की साजिशों के बारे में बताया था। वहीं से हथगोले के साथ एक कश्मीरी युवक भी गिरफ्तार हुआ था। कश्मीर का कुख्यात आतंकवादी जाकिर मूसा को पंजाब में देखे जाने की भी खबर आ गई थी। अचानक उसके पोस्टर तक देखे गए। इन सबके कारण पंजाब को हाई अलर्ट पर रखा गया था। बावजूद यदि आतंकवादी हमला करने में सफल हो गए तो जाहिर है कि खतरे के सम्पूर्ण आकलन में कहीं कमी रह गई थी। पंजाब को 1980 के दशक की हिंसा में झोंकने की साजिशें लंबे समय से हो रही है। एक कोशिश वहां दंगा भड़काने की है।

आरएसएस के नेताओं की हत्याएं इसी उद्देश्य से कराई गई ताकि हिन्दू-सिखों में लड़ाई शुरू हो जाए। ठीक यही सोच निरंकारी मिशन पर हमले के पीछे हो सकती है। 40 वर्ष पहले अमृतसर में ही निरंकारी मिशन पर हुए हमले के बाद दंगे भड़क गए थे और जनरैल सिंह भिंडरावाले वहीं से एक वर्ग का हीरो बनकर उभरा था। संत निरंकारी मिशन एक बड़ा समूह है। इसके अनुयायियों की संख्या करोड़ से ऊपर हो सकती है। पंजाब इनका मुख्य केन्द्र है। किंतु जिस संयम और शांति का परिचय निरंकारी मिशन ने दिया है,उसकी प्रशंसा होनी चाहिए। अपने शांत व्यवहार से उन्होंने तत्काल आतंकवादियों के मंसूबों को विफल कर दिया है। उम्मीद करनी चाहिए कि पंजाब के लोग देश विरोधी तत्वों की साजिशों को इसी तरह विफल करेंगे। किंतु राज्य सरकार के सामने चुनौतियां बढ़ गई हैं। एक जगह हमला में सफल होने का अर्थ है कि आगे भी इन्होंने ऐसे आसान लक्ष्यों का चयन किया होगा। राज्य सरकार को केन्द्र एवं अन्य पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय बनाकर इनके फन को उठने से पहले ही कुचलने के लिए सुनियोजित अभियान चलाना होगा। पूरा देश में इसमें पंजाब के साथ खड़ा होगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment