मुंबई की लगातार पांचवीं हार, शिखर और मयंक ने जमाए अर्धशतक, पंजाब किंग्स 12 रन से जीता

Last Updated 14 Apr 2022 03:18:33 AM IST

खराब फॉर्म से जूझ रही मुंबई इंडियंस को उसके बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया।


पुणे : मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतकीय पारी दौरान शॉट खेलते पंजाब किंग्स के ओपनर शिखर धवन।

इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में पंजाब किंग्स ने उसे बुधवार को 12 रन से हरा दिया जो रोहित शर्मा की टीम की लगातार पांचवीं हार थी। जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य आसान लग रहा था जब युवा डेवाल्ड ब्रेविस (25 गेंद में 49 रन) और तिलक वर्मा (20 गेंद में 36 रन) क्रीज पर थे। पंजाब के गेंदबाजों ने हालांकि मुंबई को 20 ओवर में नौ विकेट पर 186 रन पर रोक दिया।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी दो गेंद पर छक्के खाने वाले ओडियन स्मिथ ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए। इनमें से दो विकेट आखिरी ओवर में गिरे। मुंबई को अब एलिमिनेशन से बचने के लिए नौ में से आठ मैच जीतने होंगे और उसकी कमजोर गेंदबाजी को देखते हुए यह असंभव ही लग रहा है। मुंबई के लिए एकमात्र सकारात्मक बात ब्रेविस की बल्लेबाजी रही। उन्होंने पंजाब के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। ‘बेबी एबी’ के नाम से मशहूर ब्रेविस ने एक ओवर में 29 रन भी निकाले। वह अर्धशतक से मात्र एक रन से चूक गए।
दूसरे छोर पर तिलक ने भी अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी। उन्होंने ब्रेविस के साथ 6.5 ओवर में 84 रन की साझेदारी की लेकिन दोनों के आउट होने के बाद मैच फिर मुंबई की जद से निकल गया। सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंद में 43 रन बनाए जबकि कीरोन पोलार्ड ने 11 गेंद में 10 रन जोड़े। आखिरी तीन ओवर में मुंबई को 33 रन चाहिए थे लेकिन कैगिसो रबाडा ने 19वें ओवर में सूर्य को आउट किया जिससे मुंबई की रही सही उम्मीदें भी खत्म हो गई।

इससे पहले कप्तान मयंक अग्रवाल और अनुभवी शिखर धवन के अर्धशतकों की मदद से पंजाब किंग्स ने पांच विकेट पर 198 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने शुरू ही से आक्रामक तेवर अपनाते हुए दस ओवर में ही 97 रन जोड़ डाले हालांकि जसप्रीत बुमराह की उम्दा गेंदबाजी के दम पर मुंबई ने उन्हें 200 रन के पार पहुंचने नहीं दिया। बुमराह ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट करके रनगति पर अंकुश लगाया। आखिरी दस ओवर में 99 रन बने।
इस मैच से पहले खराब फॉर्म में चल रहे मयंक ने 32 गेंद में 52 रन बनाये जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे। धवन को क्रीज पर जमने में समय लगा लेकिन बाद में उन्होंने तेजी से रन बनाए। वह 50 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई के घरेलू गेंदबाज बासिल थम्पी ने चार ओवर में 47 रन देकर दो और मुरूगन अश्विन ने 34 रन देकर एक विकेट लिया।
मयंक ऑफ साइड पर पड़ती गेंदों को बखूबी खेलते हैं लेकिन यह जानते हुए भी थम्पी और टायमल मिल्स ने उन्हें फुललैंग्थ गेंदें डाली। धवन ने आईपीएल में अपना 45वां अर्धशतक थम्पी को बेहतरीन शॉट खेलकर पूरा किया। बाद में हालांकि थम्पी ने ही धवन को पैवेलियन भेजा। आखिरी ओवरों में जितेश शर्मा ने 15 गेंद में नाबाद 30 रन बनाए जिसमें जयदेव उनादकट के डाले 18वें ओवर में 24 रन शामिल हैं।

 स्कोर बोर्ड
पंजाब किंग्स -

मयंक अग्रवाल का. यादव बो. अश्विन      52
शिखर धवन का. पोलार्ड बो. थम्पी      70
जॉनी बेयरस्टॉ बो. उनादकट      12
लियाम लिविंगस्टोन बो. बुमराह      02
जितेश शर्मा (नाबाद)    30
एम. शाहरूख खान बो. थम्पी      15
ओडियन स्मिथ (नाबाद)    01
अतिरिक्त -     16
कुल - (20 ओवर में पांच विकेट पर)    198
विकेटपतन - 1/97, 2/127, 3/130, 4/151, 5/197
गेंदबाजी - थम्पी 4-0-47-2, उनादकट 4-0-44-1, बुमराह 4-0-28-1, अश्विन 4-0-34-1,  मिल्स 4-0-37-0
मुंबई इंडियंस -
रोहित शर्मा का. अरोड़ा बो. रबाडा     28
ईशान किशन का. शर्मा बो. अरोड़ा     3
डेवाल्ड ब्रेविस का. अर्शदीप बो. स्मिथ      49
तिलक वर्मा रन आउट      36
सूर्यकुमार यादव का. स्मिथ बो. रबाडा      43
कीरोन पोलार्ड रन आउट      10
जयदेव उनादकट का. अग्रवाल बो. स्मिथ      12
मुरूगन अश्विन (नाबाद )    00
जसप्रीत बुमराह का. धवन बो. स्मिथ      00
टायमल मिल्स का. अग्रवाल बो. स्मिथ     00
अतिरिक्त -    05
कुल - (20 ओवर में नौ विकेट पर)    186
विकेटपतन - 1/31, 2/32, 3/116, 4/131, 5/152, 6/177, 7/185, 8/186, 9/186
गेंदबाजी - वैभव अरोड़ा 4-0-43-1, रबाडा 4-0-29-2, अर्शदीप सिंह 4-0-29-0, ओडियन स्मिथ 3-0-30-4, लिविंगस्टोन 1-0-11-0, राहुल चाहर 4-0-44-0

भाषा
पुणे


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment