डीन जोंस का दिल का दौरा पड़ने से निधन

Last Updated 25 Sep 2020 12:45:05 AM IST

आधुनिक एकदिवसीय क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन मर्विन जोंस का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। क्रिकेट जगत ने जोंस के निधन पर गहरा शोक जताया है।


ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन मर्विन जोंस

जोंस स्टार इंडिया के लिए आईपीएल में मुंबई स्टूडियो से कमेंट्री करने भारत आये थे। वह बुधवार के मैच के कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे। उन्होंने आज सुबह ब्रेकफ़ास्ट लिया, अपने सहयोगियों के साथ मैच से पहले की ब्रीफिंग में शामिल हुए और फिर अपने कमरे में लौट आये। समझा जाता है कि दोपहर में उन्हें अपने कमरे में दिल का दौरा पड़ा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष अर्ल एडिंग्स ने जोंस के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह इस खेल के लीजेंड के तौर पर हमेशा याद किये जाएंगे।  स्टार इंडिया ने जोंस के निधन की पुष्टि करते हुए बयान जारी कर कहा, ‘जोंस का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में उनका समर्थन करते हैं।’ जोंस स्टार इंडिया के लिए कमेंट्री करने मुंबई आये थे जहां एक होटल में जैव सुरक्षित वातावरण में स्टूडियो बनाकर आईपीएल की कमेंट्री की जा रही है। स्टार इंडिया ने कहा, ‘जोंस का दक्षिण एशिया में क्रिकेट विकसित करने में अहम योगदान है।

वह युवा क्रिकेटरों को मौका देने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। जोंस एक चैंपियन कमेंटेटर थे जिनकी कमेंट्री से करोड़ो प्रशंसक खुश हो जाते थे। विभर में उनके करोड़ों प्रशंसक और स्टार परिवार उन्हें हमेशा याद करेगा।’ जोंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 वनडे खेले थे। वह अपने समय में वनडे में सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माने जाते थे। मेलबोर्न में 24 मार्च 1961 को जन्मे जोंस 52 टेस्टों में 46.55 के औसत से 3631 रन बनाए जिसमें 11 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 164 वनडे मुकाबलों में 44.61 के औसत से 6068 रन बनाए। वनडे में उनके नाम सात शतक और 46 अर्धशतक हैं। प्रथम श्रेणी के 245 मैचों में उन्होंने 19188 रन बनाए जिसमें 55 शतक और 88 अर्धशतक शामिल हैं। जोंस ने 30 जनवरी 1984 को एडिलेड में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया था जबकि उन्होंने इसी साल 16 मार्च को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर करीब आठ साल का रहा और उन्होंने आखिरी टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ सितंबर 1992 में खेला।

सचिन ने कहा, दिल टूट गया
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, लीजेंड सचिन तेंदुलकर, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, मशहूर कमंटेटर और पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा तथा श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा सहित क्रिकेट जगत की तमाम हस्तियों ने ऑस्ट्रेलिया के प्रू्व बल्लेबाज डीन जोंस के निधन पर शोक जताया है। मास्टर ब्लास्टर सचिन ने कहा, ‘जोंस के निधन की खबर सुनकर दिल टूट गया। एक अच्छी आत्मा जल्दी दुनिया से विदा हो गयी।’ भारतीय कप्तान विराट ने कहा, ‘जोंस के अकस्मात निधन की खबर से स्तब्ध हूं। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’ पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘जिन्हें मैं बेहद पसंद करता हूं उस इंसान के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए मेरा पास शब्द नहीं है।’ पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा, ‘बेहद आश्चर्यचकित करने वाली खबर।’ कमेंटेटर हष्रा भोगले ने कहा, ‘नहीं जोंस नहीं.. मैं नि:शब्द हूं और काफी आश्चर्यचकित हूं।’

वार्ता
मुंबई/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment