China Masters Super 750 : सात्विक-चिराग की जोड़ी रही उपविजेता

Last Updated 27 Nov 2023 06:50:05 AM IST

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को रविवार को चाइना मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट के रोमांचक पुरुष युगल के फाइनल में चुनौती पेश करने के बाद चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।


भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी।

सात्विक और चिराग की एशियाई खेलों की चैंपियन जोड़ी को एक घंटे 11 मिनट तक चले फाइनल में दुनिया की नंबर एक जोड़ी से 19-21, 21-18, 19-21 से पराजय झेलनी पड़ी। यह इस सत्र में छह फाइनल में उनकी पहली हार थी।

इस भारतीय जोड़ी ने निर्णायक गेम में गजब का जज्बा दिखाते हुए 1-8 से उबरने के बाद 13-20 से 19-20 तक छह चैंपियनशिप अंक बंचाए। लेकिन लियांग और वांग ने समय पर संयम बनाते हुए मेजबान देश के लिए आठ साल में पहला पुरुष युगल चाइना मास्टर्स खिताब जीत लिया। इस जीत से लियांग और वांग ने एशियाड में भारतीय जोड़ी से मिली हार का बदला भी चुकता किया। भारतीय जोड़ी उतार चढ़ाव भरे फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दिखा सकी।

चिराग ने कहा, ‘मुझे लगता है कि 13-20 पर हमारे पास गंवाने के लिए कुछ नहीं था क्योंकि हम दबाव में नहीं थे। हमें मैच जीतने के लिए लगातार नौ अंक जीतने थे।’ उन्होंने कहा, ‘हमने ज्यादा नहीं सोचा, अपना खेल खेला। मौकों का फायदा उठाया, तेजी से कुछ अंक जुटाए और 19-20 पर यह किसी के भी पक्ष में जा सकता था लेकिन हम दुर्भाग्यशाली रहे।’

सात्विक ने कहा, ‘सभी तीन गेम करीबी रहे, बराबरी की टक्कर के। पहले गेम के अंत में मैंने लय हासिल की। हम हालांकि लय में नहीं रहे लेकिन सर्विस पर फिर भी अंक जुटाए। तेजी से कुछ और अंक जुटाये होते तो हम इसे गेम में जीत गए होते।’ उन्होंने कहा, ‘दूसरे में भी हम 6-10 से पिछड़ रहे थे लेकिन धीरे धीरे लय में आए। तीसरे गेम में हम इतने अच्छे नहीं रहे। हमने पांच या छह अंक आसानी से दे दिये, निश्चित रूप से यह मुश्किल था।’

वहीं वांग महत्वपूर्ण मौकों पर मजबूत बने रहे। यह सेमीफाइनल की तरह स्मैश शॉट वाला मुकाबला नहीं था। इसमें खिलाड़ियों की प्रतिभा दिखायी दी जिसमें दोनों जोड़ियां कोण के अलावा शॉट की गति बदलकर एक दूसरे को पछाड़ रही थीं। लियांग और वांग का फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड बराबरी का था जिसमें से सात्विक और चिराग ने ज्यादातर मुकाबले सीधे गेम में जीते हैं।

चिराग ने सर्विस की गलती से शुरुआत की जिससे वे 1-4 से पिछड़ गए। धीमी शुरुआत के बावजूद भारतीय जोड़ी ने 9-9, 15-15 और 19-19 से बराबरी हासिल की। लियांग ने स्मैश शॉट से गेम प्वाइंट हासिल किया और सात्विक के नेट में शॉट मारने से इसे अपने नाम किया। दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने शानदार रेलियों का प्रदर्शन किया और इसे 21-18 से जीतकर बराबरी हासिल की।

भाषा
शेनझेन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment