विश्व कप हॉकी : स्पेन को हरा भारत का जीत से आगाज

Last Updated 14 Jan 2023 08:01:53 AM IST

आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम ने खचाखच भरे बिरसा मुंडा स्टेडियम पर शुक्रवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के अपने पहले मैच में स्पेन को 2-0 से हराकर शानदार आगाज किया।


राउरकेला : अपने पहले मैच में स्पेन के खिलाफ गोल जमाने पर हार्दिक सिंह (दाएं)।

पिछले 48 वर्ष से विश्व कप में पदक का इंतजार कर रही भारतीय टीम की पूल डी में शीर्ष पर रहकर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को इस जीत से बल मिला है।
भारतीय हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सुंदरगढ़ जिले के अमित रोहिदास ने जैसे ही 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया, दर्शकों के शोर से पूरा स्टेडियम गूंज उठा।

दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम बताए जा रहे बिरसा मुंडा स्टेडियम पर यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच था। भारत के लिए दूसरा गोल 26वें मिनट में हार्दिक सिंह ने किया जो अकेले गेंद को लेकर सर्कल में गए थे। गेंद पर नियंत्रण के मामले में भारत का दबदबा रहा और जीत का अंतर अधिक भी हो सकता था लेकिन भारत ने पांच में से चार पेनल्टी कॉर्नर गंवाए।

स्पेन ने एक गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे क्वार्टर में आक्रामकता दिखाई। स्पेन ने 21वें मिनट में दाहिने फ्लैंक से जगह बनाई लेकिन रोहिदास ने खतरे को टाल दिया। स्पैनिश टीम को 24वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला लेकिन गोलकीपर कृष्णा पाठक ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें स्कोर बराबर नहीं करने दिया।

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकरों में शुमार कप्तान हरमनप्रीत सिंह पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल नहीं कर सके। युवा गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने पेनल्टी कॉर्नर समेत कई शानदार बचाव किए। पिछले साल प्रो लीग के चार मैचों में से भारत को दो में हराने वाली स्पेन की टीम को मिले तीनों पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनटों में ही भारत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए हमले बोले जिससे उसे लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और दूसरे पर रोहिदास ने गोल किया। इसके बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत गोल नहीं कर सके।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा रहा और हाफटाइम से चार मिनट पहले हार्दिक ने बायीं ओर से दौड़ते हुए अकेले दम पर शानदार फील्ड गोल दागा। तीसरे और चौथे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हो सका। ब्रेक के दो मिनट बाद ही भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन दबाव में दिख रहे हरमनप्रीत गोल करने में नाकाम रहे।

चौथे क्वार्टर के दूसरे मिनट में अभिषेक को येलो कार्ड दिखाकर 10 मिनट के लिए बाहर कर दिया। स्पेन ने भारतीय खेमे में एक खिलाड़ी कम पाकर मेजबान टीम पर दबाव बनाना शुरू किया और 53वें मिनट में उन्हें पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। पॉल क्युनिल ने गोलपोस्ट पर निशाना साधा लेकिन पाठक ने उन्हें एक बार फिर स्पेन को खाता खोलने की अनुमति नहीं दी। अभिषेक के फील्ड पर आने के बाद मैच के आखिरी मिनटों में स्पेन को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला मगर उनका तीसरा प्रयास भी असफल रहा। भारत पूल-डी में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।

इंग्लैंड ने वेल्स को 5-0 से हराया

इंग्लैंड ने एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के पूल-डी मुकाबले में शुक्रवार को चिर-प्रतिद्वंदी वेल्स को 5-0 से हराकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में लायम एंसेल (28वां मिनट, 37वां मिनट) ने इंग्लैंड के लिए दो गोल किए जबकि निक पार्क (पहला मिनट), फिल रोपर (42वां मिनट) और निकोलस बैंडरैक (58वां मिनट) ने एक-एक गोल दागा।

दुनिया के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम पर खेले गए पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 13 पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए। इंग्लैंड ने इनमें से दो को गोल में तब्दील किया, जबकि वेल्स अपने चार पेनल्टी कॉर्नर में से एक पर भी गोल नहीं कर सका। पार्क ने मुकाबला शुरू होने के 20वें सेकंड में ही गोल दागकर इंग्लैंड को शुरुआती बढ़त दिलाई। एक गोल से आगे होने के बाद भी इंग्लैंड ने आक्रमण नहीं रोका और पहला क्वार्टर समाप्त होने से पहले एक और पेनल्टी अर्जित की, हालांकि वेल्स रक्षण ने उसे बढ़त दोगुनी नहीं करने दी।

दूसरा क्वार्टर समाप्त होने से पहले इंग्लैंड को कुल चार पेनल्टी कॉर्नर मिले। वेल्स ने इनमें से तीन को मजबूती से रोका लेकिन एंसेल ने एक पेनल्टी पर स्कोर करके स्कोर 2-0 कर दिया। वेल्स ने दो गोल के अंतर से पिछड़ने के बाद तीसरे क्वार्टर में आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 36वें मिनट में गोल की कोशिश की लेकिन गेंद गोलकीपर को परेशान किए बिना नेट के बराबर से गुजर गई। एंसेल और रोपर ने अगले पांच मिनटों में दो गोल करके वेल्स की मुश्किल को बढ़ा दिया।

वेल्स ने चौथे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनटों दो पेनल्टी कॉर्नर सहित तीन बार गोल पर निशाना साधा लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ओली पेन के पास सभी सवालों के जवाब थे। बैंडरैक ने आखिरकार मैच खत्म होने से दो मिनट पूर्व इंग्लैंड का पांचवां गोल करके अपनी टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। इंग्लैंड इस जीत के साथ पूल-डी में पहले पायदान पर आ गया है।

भाषा/वार्ता
राउरकेला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment