उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने लक्ष्य सेन को किया सम्मानित
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने के लिए सम्मानित किया।
![]() उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित करते हुए। |
मुख्यमंत्री की ओर से रविवार को 20 वर्षीय लक्ष्य को स्पेन में हाल ही में संपन्न प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने के लिए 15 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया।
धामी ने ट्विटर पर लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी व उत्तराखंड के लाल लक्ष्य सेन को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
उनकी प्रतिभा का आदर करते हुए उन्हें 15 लाख रुपए बतौर प्रोत्साहन राशि भेंट की। मैं लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वो जीवन में अपना हर लक्ष्य हासिल करें।’
लक्ष्य ने भी मुख्यमंत्री को उनके प्रेरक शब्दों के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी सर से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। आपके प्रेरक शब्दों के लिए धन्यवाद सर।’ लक्ष्य नई दिल्ली में आगामी इंडिया ओपन में प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे। लक्ष्य उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने लक्ष्य के माता-पिता को भी सम्मानित किया और उम्मीद जताई कि यह युवा खिलाड़ी अगली विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतेगा। उन्होंने राज्य सरकार की नई खेल नीति के बारे में भी जानकारी दी जिसका लक्ष्य उभरते हुए खिलाड़ियों को अपना खेल निखारने का अधिक मौका देना है।
धामी ने कहा कि राज्य के उधमसिंह नगर जिले में महिला खेल कॉलेज के अलावा खेल विश्वविद्यालय भी स्थापित किया गया है।
| Tweet![]() |