पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह के निधन पर नेताओं सहित खेल जगत ने जताया शोक

Last Updated 25 May 2020 12:36:05 PM IST

राष्ट्रपति कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी, शाह और खेल जगत ने दिग्गज हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।


95 वर्षीय बलबीर सिंह ने आज सुबह चंडीगढ़ के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर हॉकी ही नहीं क्रिकेट जगह और राजनीतिज्ञों ने भी शोक जताया है।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ। तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, पद्म श्री और भारत के महान खिलाड़ियों में से एक, उनकी विरासत भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करना जारी रखेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदनायें। ’’

मोदी ने कहा कि बलबीर सीनियर ने हाकी खिलाड़ी ही नहीं बल्कि मेंटोर के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनायी।

मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, ‘‘पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को उनके यादगार खेल प्रदर्शन के लिये याद रखा जायेगा। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया और काफी सफलतायें अर्जित कीं। इसमें कोई शक नहीं कि वह बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी थे, लेकिन उन्होंने बेहतरीन मेंटोर के रूप में भी पहचान बनायी। उनके निधन से काफी दुखी हूं। उनके परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदनायें। ’’

 

देश केगृहमंत्री अमित शाह और खेल मंत्री रीजीजू ने बलबीर सिंह के साथ अपनी फोटो भी साझा की।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर शोक जताया है। अमित शाह ने लिखा, "पद्मश्री से सम्मानित बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह एक महान खिलाड़ी थे जो विश्व हॉकी पर अपनी हॉकी से अमिट छाप छोड़ गए। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं तीन बार के ओलम्पिक पदक विजेता से मिल सका। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।"

खेल मंत्री रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘‘भारत के महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। वह 1948 लंदन, 1952 हेलसिंकी और 1956 मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और दिवंगत आत्मा के लिये शांति की प्रार्थना करता हूं। ’’

वहीं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने भी महान खिलाड़ी के निधन पर शोक जताया है।

बत्रा ने एक बयान में कहा, "बड़े दुख के साथ मैं बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वह जिस तरह से खेलते थे, कोचिंग करते समय अपनी जानकारी बांटते थे, और मैदान पर जिस तरह से वह अपने आप को पेश करते थे मैं वो कभी नहीं भूल पाऊंगा।"

पूर्व हॉकी कप्तान वीरेन रासकिन्हा और सरदार सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी ।

रासकिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर के निधन से दुखी हूं । वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे और मानसिक रूप से काफी सजग थे । वह प्रेरणास्रोत थे ।’’

सरदार ने कहा, ‘‘हॉकी के लिये यह बहुत दुखद दिन है ।वह मेरे लिये और दुनिया भर के कई हॉकी खिलाड़ियों के लिये आदर्श थे । उनसे जब भी मिलता था, तब वह देश के लिये पदक जीतने के लिये प्रेरित करते थे ।’’

पूर्व हॉकी कप्तान और चार बार के ओलंपियन धनराज पिल्लै ने कहा ,‘‘बलबीर सर के जाने से हुए दुख को मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता । उन्होंने अपनी सादगी से सभी के दिलों को छुआ । उनके परिवार के प्रति संवेदनायें ।’’



पूर्व हॉकी कोच हरेंद्र सिंह ने उन्हें हॉकी का भीष्म पितामह कहते हुए लिख , ‘‘उनकी खेल भावना और उपलब्धियों ने भारतीय खेलों के इतिहास के कई सुनहरे पन्ने लिखे । भारतीय हॉकी के लिये उनके योगदान का ऋण हम कभी नहीं चुका सकते ।’’

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा ,‘‘ बलबीर सर के निधन से दुखी हूं । हॉकी में उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता । वह हम सभी के प्रेरणास्रोत बने रहेंगे ।’’

 

भारतीय हॉकी टीम के वर्तमान कप्तान मनप्रीत सिंह ने ट्वीट किया, सर्वकालिक महान खिलाड़ी पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर जी आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। आपको भावभीनी श्रद्धांजलि।भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।"

 

दिग्गज महिला धावक पीटी उषा ने बलबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह श्रेष्ठ एथलीट थे। उन्होंने कहा,"बलबीर सिंह सीनियर जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुःख हुआ। एक एथलीट से ऊपर उत्कृष्टता और शब्दों से परे एक रोल मॉडल! उनके बेहतरीन हाथों ने मेरे जुनून को और अधिक मजबूत किया। उनके परिवार, दोस्तों, और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना!”

विराट सहित कई अन्य क्रिकेट खिलाड़ियों ने इस महान हॉकी खिलाड़ी को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी है। कोहली ने ट्वीट किया, ‘महान बलबीर सिंह सीनियर की निधन के खबर को सुनकर काफी दुख हुआ. दुख के समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है।’



कोहली के अलावा पूर्व दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने भी बलबीर सिंह के साथ पुरानी फोटो को साझा कर उन्हें याद किया।

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, "बलबीर सिंह जी एक सच्चे और दिग्गज खिलाड़ी थे। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं, भगवान उनकी आत्मा को शान्ति दे।"



अनुभवी भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने बलबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह भारत के सबसे महान खेल आइकन में से एक थे।

वहीं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा ,‘‘भारतीय हॉकी के युगपुरूष बलबीर सिंह सीनियर का निधन । उनकी उपलब्धियां आपको हैरान कर देती हैं । तीन ओलंपिक स्वर्ण और ओलंपिक फाइनल में पांच गोल । विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर । भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।’’

 

 

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment