रामलला की पूजा-अर्चना करने के लिए UP के विधायक बसों से रवाना

Last Updated 11 Feb 2024 09:37:04 AM IST

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सदस्य आज (रविवार) को अयोध्या में भगवान रामलला की पूजा-अर्चना करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व में सभी सदस्य विधान भवन से सुबह आठ बजे 10 बसों में रवाना हुए।


रामलला की पूजा-अर्चना करने के लिए UP के विधायक बसों से रवाना

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह जानकारी दी है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं को छोड़कर अधिकतर विधायकों ने अयोध्या जाने पर सहमति दी थी।

मौर्य ने स्पष्ट रूप से समाजवादी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य अयोध्या रवाना हो गए हैं, यदि कोई नहीं जा रहा है, तो वह ‘समाप्तवादी पार्टी’ है।’’

मौर्य ने बताया कि कैबिनेट मंत्रियों और विधानमंडल के सदस्यों को लेकर 10 बसें सुबह करीब नौ बजे अयोध्या रवाना हुईं।

बयान में बताया गया है कि परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के दौरे की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के आमंत्रण पर विधानमंडल के सदस्य अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करेंगे।

अखिलेश यादव को भी दिया निमंत्रण

महाना ने शनिवार को सदन में बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव से कहा, ‘‘आप हमारे साथ कल अयोध्या चलिए।’’ इस पर यादव ने कहा, ‘‘हमें भगवान श्री राम बुलाएंगे, तब जायेंगे।’’

अखिलेश ने नकारा

बाद में योगी आदित्यनाथ ने यादव पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘अध्‍यक्ष जी ने आपको एक आमंत्रण दिया उसे आपने नकार दिया। अयोध्‍या आप जाना नहीं चाहते, आप अक्सर ब्रिटेन जाते हैं और आप जानते हैं कि आपके टिकट कौन बुक करता है।’’

सभी सदस्य बस से सुबह अयोध्या के लिए रवाना हुए।

राज्य विधानसभा में फिलहाल 400 विधायक हैं वहीं विधान परिषद में करीब सौ सदस्य हैं, लेकिन अयोध्या जाने वाले सदस्यों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं मिल पाई है।

एक अधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे अयोध्या हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।

समयलाइव डेस्क/भाषा
लखनऊ/अयोध्या


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment