RLD नेता जयंत चौधरी को हुआ कोरोना, ट्वीट कर दी जानकारी
राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
आरएलडी नेता जयंत चौधरी (फाइल फोटो) |
पिछले दिनों जयंत चौधरी ने कई स्थानों का दौरा किया था, जिसमें हाथरस में कथित सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मुलाकात और मुजफ्फरनगरऔर मथुरा में महापंचायत में शामिल होना शामिल है।
जयंत चौधरी ने ट्विटर पर कोरोना वायरस से संक्रमण की पुष्टि की।
उन्होंने लिखा, मैं कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया हूं। परिवार के बाकी सदस्य नेगेटिव हैं। मेरी सेहत फिलहाल ठीक है और डॉक्टरों की सलाह पर इलाज करा रहा हूं। हाल में मुझसे मिलने वाले सभी लोग अपना टेस्ट करा लें।
उल्लेखनीय है कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 46,790 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में कुल मामलों की संख्या 75,97,063 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 587 मौतें हुई, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,15,197 हो गई है।
रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा था कि देश के कुछ हिस्सों में सामुदायिक संक्रमण है।
देश में रिकवरी रेट 88.26 फीसदी है, जबकि मृत्यु दर 1.52 प्रतिशत है।
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है। इसके बाद आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली का स्थान है।
| Tweet |