बुलंदशहर हिंसा: पुलिस निरीक्षक पर हमला करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Last Updated 01 Jan 2019 03:58:12 PM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में कथित गो हत्या की घटना को लेकर पिछले साल तीन दिसंबर को भड़की हिंसा के दौरान पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है।


इंस्पेक्टर पर हमला करने वाला गिरफ्तार

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी कलुआ को सोमवार रात एक बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। इसी के साथ इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 30 हो गई है।     

कलुआ ने पुलिस को बताया कि तीन दिसंबर को वह सड़क को अवरूद्ध करने के लिए पेड़ गिरा रहा था लेकिन पुलिस निरीक्षक ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।     

पुलिस ने 27 दिसंबर को प्रशांत नट को गिरफ्तार किया था। उसने कुल्हाड़ी से हमले के बाद सुबोध कुमार सिंह की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी।     

भीड़ की हिंसा और गो हत्या के मामले में 18 दिसंबर को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।     

जिले के महवा गांव के पास एक खेत में गाय का शव मिलने के बाद हिंसा भड़क गई थी। हिंसा में निरीक्षक और एक युवक की मौत हो गई थी।    

चिंग्रावती पुलिस चौकी पर हिंसा के बाबत स्याना थाने में 27 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।     

प्राथमिकी में नामजद एक मुख्य संदिग्ध बजरंग दल का स्थानीय नेता योगेश राज है। वह अब भी फरार है, जबकि सेना के जवान जितेंद्र मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया था और वह हिरासत में है।

 

भाषा
बुलंदशहर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment