पायलट गुट के विधायक विश्वेन्द्र सिंह बोले- मुख्यमंत्री गहलोत जनता का काम करते तो आज यह नौबत नहीं आती

Last Updated 01 Aug 2020 02:19:45 PM IST

राजस्थान के पूर्व पर्यटन मंत्री एवं पायलट गुट के विधायक विश्वेन्द्र सिंह ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछले डेढ़ साल में प्रदेश की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काम करते तो आज यह नौबत नहीं आती।


पायलट गुट के विधायक विश्वेन्द्र सिंह (फाइल फोटो)

राज्य में चल रहे सियासी संग्राम में पायलट गुट के विधायकों के साथ प्रदेश के बाहर किसी जगह ठहरे सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही।

उन्होंने कहा “मुख्यमंत्रीजी यदि आप पिछले 18 माह में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, प्रदेश की जनता के काम करते जो आज आप पांच सितारा होटल में बैठकर कर रहे हो, तो ना प्रदेश की जनता विरोध करती, ना सरकार अल्पमत में होती, ना हम दिल्ली आते।

उन्होंने कहा “हमें जनता ने चुना है, हम जनता की सुनेंगे, जनता ही हमारेलिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि आज जब सरकार अल्पमत में है, तब आपने पर्यटन विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान दिया, काश यह काम थोड़ा पहले कर देते गहलोतजी, तो ना यह सरकार अल्पमत में होती ना हमें दिल्ली आना पड़ता।”

सिंह ने कहा कि हम भी जनता के द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं, पिछले 18 माह से मैंने मुख्यमंत्री से मिलकर व्यक्तिगत रूप से प्रदेश के लोगों एवं मेरे विभाग की समस्याओं के बारे में बार-बार अवगत कराया लेकिन मुख्यमंत्री ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया, आखिर क्यों।

उल्लेखनीय है कि राज्य में चल रहे सियासी संग्राम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित 19 कांग्रेस विधायक राज्य के बाहर कहीं ठहरे हुए हैं वहीं शेष कांग्रेस विधायकों में ज्यादात्तर विधायक एवं बसपा से कांग्रेस में आये विधायक एवं निर्दलीय विधायक सहित 90 से अधिक विधायक जैसलमेर के एक होटल में ठहरे हुए है।

वार्ता
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment