तेलंगाना के युवा पर्वतारोही ने मणिपुर की सबसे ऊंची चोटी फतह की

Last Updated 05 May 2025 01:21:42 PM IST

तेलंगाना के 20 वर्षीय एक पर्वतारोही ने मादक पदार्थों के सेवन और विभिन्न सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ संदेश फैलाने के उद्देश्य से मणिपुर की सबसे ऊंची चोटी माउंट टेम्पू पर चढ़ाई की है।


यह पर्वत चोटी सेनापति जिले में स्थित है।

तेलंगाना में बीकॉम की पढ़ाई कर रहे भुक्या यशवंत ने बताया कि पिछले 10 दिन में उन्होंने त्रिपुरा की सबसे ऊंची चोटी बेत्लिंगछिप (थैदावर), अरुणाचल प्रदेश की माउंट गोरीचेन और मणिपुर की माउंट इसो (माउंट टेम्पू) पर चढ़ाई की है।

यशवंत ने कहा, ‘‘देशभर में हजारों लोग सट्टेबाजी ऐप के आदी होकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं और नशे की लत की ओर तेजी से बढ़ रही है। इनके खिलाफ सामाजिक संदेश फैलाने के लिए मैंने अपने पर्वतारोहण के जुनून को इस अभियान से जोड़ा है।’’

उन्होंने बताया कि माउंट इसो की चढ़ाई उन्होंने असम राइफल्स के दो अधिकारियों के साथ की।

यशवंत ने कहा, ‘‘असम राइफल्स के अधिकारियों की उपस्थिति, समर्थन और उनके साथ होने की भावना ने इस अभियान को और भी यादगार और प्रेरणादायक बना दिया।’’

यशवंत ने बताया कि उनका उद्देश्य देश के हर राज्य की सबसे ऊंची चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना है, जिसे वह ‘हर शिखर पर तिरंगा’ अभियान के तहत पूरा करना चाहते हैं।

करीब 3,000 मीटर ऊंची माउंट इसो पर चढ़ाई के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इलाका बहुत ही खड़ी चढ़ाई वाला था और मौसम काफी ठंडा था, लेकिन चढ़ाई के दौरान शरीर गर्म हो गया और सब ठीक रहा।’’

उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को मिजोरम के लिए रवाना होंगे और वहां की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई करेंगे। उनका लक्ष्य अगले कुछ दिन में पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ना है।

यशवंत ने बताया कि उन्होंने 16 वर्ष की उम्र से पर्वतारोहण शुरू किया था और 2021 में अफ्रीका की माउंट किलिमंजारो पर भी चढ़ाई की।

उन्होंने कहा, ‘‘हर पर्वत शिखर, हमारे तिरंगे और भारत को समर्पित है। आइए, जल्दबाजी वाले छोटे रास्तों की जगह स्वास्थ्य, उद्देश्य और सत्यनिष्ठा को चुनें और उन सभी बुराइयों को रोकें जो न केवल हमें बल्कि हमारे परिवारों को भी तबाह करती हैं।’’

भाषा
इम्फाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment