Manipur Violence : इंफाल में उपद्रवियों ने केंद्रीय मंत्री के घर को लगाई आग, RK Ranjan बोले- अपने राज्य के लोगों से नहीं थी ऐसी उम्मीद

Last Updated 16 Jun 2023 11:36:40 AM IST

मणिपुर के इंफाल शहर में कर्फ्यू के बावजूद भीड़ ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 200 महिला-पुरुषों की भीड़ ने गुरुवार देर रात केंद्रीय मंत्री के आवास पर हमला कर दिया। मंत्री राजकुमार रंजन सिंह सिंह फिलहाल दिल्ली में हैं।

अपने घर पर हुए हमले पर विदेश और शिक्षा राज्य मंत्री डॉ.राजकुमार रंजन सिंह ने कहा कि मैं कोच्ची में हूं और अपने राज्य (मणिपुर) में नहीं हूं। मैंने बड़ी मेहनत से अपना घर बनाया था। मेरे घर पर हमला होने पर मुझे दुख है और अपने राज्य के नागरिकों द्वारा ऐसे रवैये की अपेक्षा नहीं की थी। मुझे बताया गया कि घर में आग लगी थी लेकिन लोगों ने दमकल की गाड़ी वहां तक पहुंचने नहीं दी। ऐसा लगता है जैसे यह मेरे जीवन पर हमला है। यह दिखाता है कि मणिपुर में क़ानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है और मौजूदा सरकार शांति व्यवस्था बनाने में विफल रही है। मैंने PM और गृह मंत्री को बता दिया है।

 


इस वारदात में मंत्री के घर का एक हिस्सा जल गया, सुरक्षा गार्ड और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और मंत्री के घर के अधिकांश हिस्सों को जलने से बचा लिया।

यह घटना गुरुवार दोपहर स्थानीय लोगों के दो और घरों को जलाने और मणिपुर की रैपिड एक्शन फोर्स और इंफाल शहर में एक भीड़ के बीच हुई झड़पों के बाद हुई।

राजधानी इंफाल में सड़कों पर घूम रही भीड़ की अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा बलों से झड़प भी हुई।

सिंह के घर को पहले 25 मई को भी निशाना बनाया गया था जब हजारों लोगों ने इंफाल में केंद्रीय मंत्री के आवास के सामने इकट्ठा होने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया था।

पुलिस ने कहा कि पुरुषों और महिलाओं की भीड़ ने मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के जल्द समाधान की मांग की है।

भीड़ ने सभी मंत्रियों और विधायकों पर आरोप लगाया कि वे मणिपुर संकट को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं।

बुधवार को हमलावरों ने मणिपुर के उद्योग मंत्री नेमचा किपगेन के इम्फाल पश्चिम जिले के लाम्फेल इलाके में स्थित सरकारी आवास में आग लगा दी थी।

अधिकारियों ने कहा कि मणिपुर की एकमात्र महिला मंत्री किपगेन उस वक्त घर पर नहीं थीं, जब हमलावरों ने उनके सरकारी बंगले में आग लगाई।

 

 

समय लाइव डेस्क/ आईएएनएस
इंफाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment