Karnataka Election: CM बोम्मई बोले- जगदीश शेट्टर के जाने से BJP की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं

Last Updated 17 Apr 2023 04:59:19 PM IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा कि जगदीश शेट्टर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।


कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह शेट्टर के कांग्रेस में शामिल होने के फैसले से हैरान हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री शेट्टर ने हुबली-धारवाड़ (मध्य) विधानसभा सीट से चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ दी। वह निवर्तमान विधानसभा में इसी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बोम्मई ने शेट्टर के इन आरोपों को खारिज कर दिया कि भाजपा में उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला और उन्हें हटाने के लिए साजिश रची गयी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेट्टर को बहुत सम्मान मिला और पार्टी ने उन्हें पदों पर बैठाया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 25 साल में उनकी तरक्की में भाजपा ने मुख्य भूमिका निभाई।’’

बोम्मई ने कहा कि उनके जाने से क्षेत्र में नये नेतृत्व के सामने आने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि शेट्टर के पार्टी छोड़ने से उसकी चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।

बता दें कि टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के दिग्गज नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने सोमवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।

शेट्टार ने नाराजगी जताते हुए रविवार को ही भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को कांग्रेस पार्टी के बेंगलुरु कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

 

भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment