Tripura Assembly Polls: भाजपा ने 48 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक को भी बनाया उम्मीदवार

Last Updated 28 Jan 2023 01:25:42 PM IST

त्रिपुरा विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।


भाजपा ने राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा को टाउन बोडोर्वाली सीट से ही उम्मीदवार बनाया है। वहीं एक चौंकाने वाला फैसला करते हुए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक को भी धनपुर विधान सभा सीट से चुनावी मैदान में उतार दिया है। वहीं, माकपा इस बार राज्य का चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ रही है।

48 उम्मीदवारों की सूची में भाजपा ने एक मुस्लिम और 11 महिला उम्मीदवार को भी चुनावी मैदान में उतारा है।
 



भाजपा नेताओं अनिल बलूनी और संबित पात्रा ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजिक एक संवाददाता सम्मेलन में त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा
की। संबित पात्रा ने त्रिपुरा में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा करते हुए त्रिपुरा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष लगाव का जिक्र किया और साथ ही राज्य के विकास के लिए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की फेहरिस्त भी गिनाई।

एक सवाल के जवाब में पात्रा ने कहा कि राज्य की बची हुई 12 सीटों पर भी पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी।

पार्टी ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में भाजपा में शामिल होने वाले सीपीएम के वर्तमान विधायक मोबोशर अली को भी चुनावी मैदान में उतारा है।

2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में वामपंथ के गढ़ माने जाने वाले त्रिपुरा में भाजपा ने सरकार बनाई थी।

उससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने त्रिपुरा में 25 साल तक शासन किया था। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व नेता और त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार के वंशज प्रद्योत देब बर्मन के नेतृत्व वाली पार्टी तिपरा मोथा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए बातचीत कर रहे थे, लेकिन अब ऐसे किसी गठबंधन को खारिज कर दिया गया है। वहीं, माकपा इस बार राज्य का चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ रही है।

भाषा/आईएएनएस
अगरतला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment