जेएंडके में जल्द विस चुनाव चाहते हैं भाजपा नेता

Last Updated 07 Mar 2021 02:25:43 AM IST

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटों की तादाद बढ़ाए जाने को लेकर गठित परिसीमन आयोग की मियाद 1 साल और बढ़ाए जाने के बीच प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय बैठक शनिवार को कटरा में शुरू हुई।




जेएंडके में जल्द विस चुनाव चाहते हैं भाजपा नेता

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू कश्मीर प्रभारी तरु ण चुग व सह प्रभारी आशीष सूद ने भी भाग लिया। सूत्रों का कहना है कि परिसीमन आयोग की मियाद 1 साल और आगे बढ़ाए जाने से पार्टी के कई नेता बेचैन हो गए हैं, क्योंकि वे प्रदेश में जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव कराए जाने के पक्ष में हैं।

वहीं, पार्टी के कुछ बड़े नेताओं, जो पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में मंत्री रहे हैं, के अलावा पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता यहां चुनाव न कराए जाने तक उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के राजनीतिक सलाहकार मनोनीत होना चाहते हैं। जिसे लेकर पार्टी के भीतर तमाम तरह की चर्चाएं जारी हैं।

गत लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में जम्मू संभाग में भाजपा को थोक में वोट मिले थे, लेकिन यहां एक के बाद एक कई टोल प्लाजा स्थापित किए जाने के अलावा अब यहां पहली बार प्रॉपर्टी टैक्स लगाए जाने से पार्टी को लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं तेल व रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने भी भाजपा के लिए यहां चुनौतियां खड़ी कर रखी हैं।

इस बीच, अब प्रदेश भाजपा का एक बड़ा वर्ग यहां जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव करवाए जाने के पक्ष में है, क्योंकि यह भी चर्चा है कि यहां उपराज्यपाल के शासन के चलते नौकरशाही बुरी तरह हावी है। जिसके कारण आमजन भी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है।

प्रदेश भाजपा के नेताओं का मानना है कि यदि प्रदेश में जल्द विधानसभा चुनाव कराए जाते हैं तो यहां लोगों की दुारियां तथा नाराजगियों को दूर करने में पार्टी को मदद मिलेगी। प्रदेश भाजपा यह भी चाहती है कि जम्मू कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल हो। इससे यहां के लोगों में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

सतीश वर्मा/सहारा न्यूज ब्यूरो
जम्मू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment