केरल में मानसून ने दी दस्तक, मौसम विभाग ने कई जगहों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

Last Updated 08 Jun 2019 10:54:59 AM IST

एक सप्ताह की देरी के बाद मानसून शनिवार को केरल पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।




प्रतिकात्मक फोटो

लगभग एक सप्ताह की अनुमानित देरी के बाद दक्षिण पश्चिमी मानसून ने केरल तट पर शनिवार को दस्तक दे दी। दक्षिण पश्चिम मानसून ही उत्तर और मध्य भारत सहित देश के अधिकांश इलाकों में लगभग चार महीने तक चलने वाली बारिश की ऋतु का वाहक माना जाता है।         

मौसम विभाग के नवनियुक्त महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने मानसून के पूर्वानुमान के मुताबिक आठ जून को केरल तट पर पहुंचने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि केरल के तटीय इलाकों में अच्छी मात्रा में मानसून की पहली बारिश दर्ज की गयी।         

विभाग ने पिछले महीने दक्षिण पश्चिमी मानसून के केरल तट पर छह जून को पहुंचने का पूर्वानुमान व्यक्त किया था लेकिन हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने में देरी के कारण मानसून की आमद में दो दिन का विलंब हो गया।          

मौसम विभाग ने यहां एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि केरल और लक्षद्वीप में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है। दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, लक्षद्वीप, मालदीव क्षेा, दक्षिण पूर्व अरब सागर और मन्नार की खाड़ी के ऊपर 35-45 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।

विज्ञप्ति के अनुसार मौसम खराब होने के कारण राज्य के मछुआरों को नौ, 10 और 11 जून को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।

केरल आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केडीएमए) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने के मद्देनजर राज्य के विभिन्न जिलों में नौ से 11 मई तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राज्य के कुछ हिस्सों में 115-204.5 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। त्रिशूर में 10 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि एर्नाकुलम, मलाप्पुरम और कोझिकोड जिले में 11 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलापुझा, एर्नाकुलम और त्रिशूर में 09 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलापुझा, एर्नाकुलम, मलाप्पुरम और कोझिकोड जिले में 10 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि कोल्लम, अलापुझा और कोट्टयम जिले में 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आठ जून के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलापुझा, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

नौ जून के लिए पठानमथिट्टा, कोट्टयम, इडुक्की, पलाक्कड़, मलाप्पुरम और कोझिकोड जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोट्टयम, इडुक्की और पलाक्कड़ में 10 जून के लिए येलो अलर्ट घोषित है। जबकि वायानाड जिले में 11 जून के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

देश में मानसून के दस्तक देने की खबर, भीषण गर्मी, कृषि संकट और जलाशयों के तेजी से गिरते जलस्तर की चिंता से राहत देने वाली साबित होगी।          

गौरतलब है कि उत्तर एवं मध्य भारत में भीषण गर्मी का असर पश्चिम और दक्षिणी राज्यों के जलाशयों पर भी पड़ा है। इन इलाकों में देश के प्रमुख जलाशयों का जलस्तर काफी नीचे चला जाता है जिसकी वजह से महाराष्ट्र और राजस्थान सहित आसपास के तमाम सूखा ग्रस्त इलाकों में जलसंकट की समस्या गहरा जाती है।      

इसके अलावा देश का अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र कृषि एवं सिचाई जरूरतों के लिये दक्षिण पश्चिम मानसून के दौरान चार महीने तक होने वाली बारिश पर ही निर्भर रहता है। देश में कुल वष्राजल का 75 प्रतिशत हिस्सा दक्षिण पश्चिमी मानसून से मिलने के कारण इसमें होने वाली बारिश की प्रचुरता का सीधा प्रभाव अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।     

   

केरल तट पर मानसून की दस्तक के साथ ही, भीषण गर्मी से झुलस रहे उत्तरी और मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों तथा दक्षिणी राज्यों में तापमान में गिरावट आने की भी उम्मीद जगी है। मैदानी इलाकों में इन दिनों अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। वहीं, राजस्थान के चुरू और आसपास के इलाकों में पारा 50 डिग्री सेल्सियस का स्तर पार कर गया है।          

मौसम विभाग ने उत्तरी क्षेत्रों में जून के अंतिम और जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून पहुचंने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में पूर्वानुमान से तकरीबन दो- तीन दिन की देरी से मानसून 29 जून को पहुंच सकता है। हालांकि निजी क्षेत्र की एजेंसी स्काईमेट ने इसमें एक सप्ताह तक की देरी का अनुमान व्यक्त किया है।         

मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तर पश्चिमी इलाकों सहित लगभग पूरे देश में मानसून की सामान्य बारिश होने की संभावना जतायी है।

 

 

भाषा/वार्ता
तिरुवनंतपुरम


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment