Arvind Kejriwal Health: केजरीवाल का वजन दो किलो ही कम हुआ : तिहाड़ जेल प्रशासन
Delhi Excise policy case: तिहाड़ जेल प्रशासन ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन केवल दो किलोग्राम कम हुआ है और एम्स का एक चिकित्सा बोर्ड उनकी नियमित निगरानी कर रहा है।
![]() अरविंद केजरीवाल |
उल्लेखनीय है कि ‘आप’ ने एक दिन पहले दावा किया था कि जेल में केजरीवाल का वजन 8.5 किलोग्राम कम हो गया है, जिसके बाद जेल प्रशासन की तरफ से यह बयान सामने आया है।
सूत्रों ने बताया कि जेल प्रशासन ने आप के मंत्रियों और नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में दिल्ली सरकार के गृह विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि इस तरह की मनगढ़ंत बातें जनता को भ्रमित और गुमराह करती हैं।
आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ अधिकारियों ने स्वीकार तो किया कि केजरीवाल का वजन कम हो गया है। आप ने रविवार को आरोप लगाया था, भाजपा, केजरीवाल को जेल में रखने की साजिश रच रही है और उनके स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है।
शुगर की बीमारी के उपचार के लिए उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही है। दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से अकारण उनका वजन 8.5 किलोग्राम घटने पर चिंता जताई थी और दावा किया था कि जेल में उनका शर्करा स्तर पांच से अधिक बार 50 से नीचे आ गया था।
तिहाड़ के सूत्रों द्वारा साझा की गई केजरीवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट के अनुसार एक अप्रैल को जब वह पहली बार जेल आए थे तब उनका वजन 65 किलोग्राम था और आठ से 29 अप्रैल के बीच उनका वजन 66 किलोग्राम था। इसके अलावा, 21 दिन की जमानत के बाद दो जून को जब वह वापस जेल आए तो उनका वजन 63.5 किलोग्राम था।
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा,14 जुलाई को उनका वजन 61.5 किलोग्राम था। इसलिए, प्रभावी रूप से उनका वजन 2 किलोग्राम कम हुआ। सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल को घर का बना खाना दिया जा रहा है लेकिन वे तीन जून से नियमित रूप से कुछ खाना वापस कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि एम्स का एक चिकित्सा बोर्ड लगातार मुख्यमंत्री की निगरानी कर रहा है और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल बोर्ड के साथ नियमित संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग को पत्र लिखकर केजरीवाल के स्वास्थ्य के संबंध में आप के आरोपों को खारिज कर दिया है।
जेल प्रशासन ने अपने पत्र में कहा कि ‘इस तरह की बातें जनता को भ्रमित और गुमराह करती हैं। एक बयान में ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ जेल अधिकारियों ने स्वीकार तो किया कि केजरीवाल का शर्करा स्तर कई बार गिरा है और उनका वजन भी कम हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि अगर सोते समय उनका शर्करा स्तर गिरता है तो आप प्रमुख कोमा में जा सकते हैं या उन्हें ‘ब्रेन स्ट्रोक’ हो सकता है।
| Tweet![]() |