Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में रातभर हुई झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड, शुक्रवार को घना कोहरा छाने की संभावना

Last Updated 01 Feb 2024 12:12:33 PM IST

दिल्ली में गुरूवार को हुई भारी बारिश ने ठंड बढ़ा दी है और वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है।


एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में गुरूवार को सुबह साढ़े बजे तक, पिछले 24 घंटे की अवधि में 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बुधवार से हो रही बारिश रुक-रुक कर गुरुवार को भी जारी है। इस बारिश के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह जल भराव की समस्या से उन्हें जूझना पड़ रहा है।

साथ ही तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। शुक्रवार को एनसीआर में घना कोहरा छाने की आशंका है।

आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ों में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसका असर दिल्ली और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है जोदेर रात तक रह सकता है। इसके बाद घना कोहरा छाएगा, यानी 2 फरवरी को पूरे दिन कोहरे और विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने की संभावना है।

3 फरवरी को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों में एक्टिव हो रहा है। इसका असर फिर से देखने को मिलेगा। ऐसे में 3 फरवरी से 5 फरवरी तक बारिश और घने बादल छाए रहेंगे। इसके बाद 7 फरवरी तक घना कोहरा छाएगा।

सात फरवरी के बाद ही मौसम खुलेगा और धूप निकलेगी।

अच्छी बात ये है इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहेगा जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।

राष्ट्रीय राजधानी में गुरूवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 100 प्रतिशत रही।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार को भी बारिश हुई और शहर के अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।

इसके साथ ही बृहस्पतिवार को सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार शाम सात बजे यह 386 था।

शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

फिलहाल सुबह से बारिश होने के चलते कई स्थानों पर यातायात जाम और बिजली सप्लाई बाधित होने की जानकारी है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसमें नोएडा के सेक्टर-15,18,19,20, 22, 27, 29, 33, 34, 37, 40, 41, 53, 55, 56, 73, 82, 99 आदि सेक्टर जिसमें सप्लाई प्रभावित रही।
 

भाषा/आइएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment