G-20 Summit : दिल्ली मेट्रो 8 से 10 सितंबर तक सुबह 4 बजे से चलेगी, DMRC ने दी पूरी जानकारी

Last Updated 07 Sep 2023 10:31:52 AM IST

जी 20 शिखर सम्मेलन को देखते हुए आठ से 10 सितम्बर तक दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर टर्मिनल स्टेशन से ट्रेन सेवाएं सुबह चार बजे शुरू होंगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।


दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट, पटेल चौक और आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा 8 सितम्बर सुबह चार बजे से 11 सितम्बर दोपहर तक बंद रहेगी।      

उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन से जुड़े अधिकारियों के साथ ही सुरक्षा, कानून और व्यवस्था, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात कर्मियों एवं अन्य सहायक एजेंसियों के कर्मचारियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए ट्रेन सेवा सुबह शुरू करने का फैसला किया गया है।    

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं तीन दिन यानी 8,9 और 10 सितम्बर को टर्मिनल स्टेशन से सुबह चार बजे शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेंगी और इसके बाद सामान्य दिनों की तरह ट्रेन चलेंगी। इस संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा की ओर से डीएमआरसी को पत्र लिखा गया था। पत्र के अनुसार, कर्मचारियों को जी20 आयोजन स्थलों पर सुबह पांच बजे पहुंचने को कहा गया है।

इसमें कहा गया कि जैसा कि हम सभी जानते हैं कि दिल्ली 9 और 10 सितम्बर को प्रतिष्ठित जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रही है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने विभिन्न विभागों के समन्वय से विस्तृत सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की है। इसके लिए लगभग 40 हजार जवानों की तैनाती की जाएगी जो 7 सितम्बर से तैनात होंगे। दिल्ली पुलिस के पत्र में कहा गया कि जी20 आयोजन स्थलों-अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी सह सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) और राजघाट पर कार्यक्रमों को देखते हुए कर्मचारियों के पहुंचने का समय सुबह पांच बजे निर्धारित किया गया है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कारपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने कहा कि मेट्रो के परिचालन से जुड़ी जरूरी जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल एप और वेबसाइट के साथ ही एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर दी जाएगी।

आज से चार दिन बंद रहेंगे स्कूल
नई दिल्ली (एसएनबी)। जी20 समिट के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने सात से 10 सितम्बर तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है, लेकिन इस दौरान उसने मानव संसाधन से जुड़ी किसी भी जरूरत को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग के कर्मचारियों से इन चार दिनों तक शहर में ही रहने को कहा है।     

दिल्ली सरकार ने एक परिपत्र में कहा कि जी 20 शिखर सम्मेलन के कारण दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में आठ से 10 सितम्बर तक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है और उससे पहले सात सितम्बर को जन्माष्टमी के कारण राजपत्रित अवकाश है।  इसमें कहा गया है कि कार्यक्रम की गंभीरता और मानव संसाधन की संभावित आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि शिक्षा विभाग के सभी कर्मचारी राजधानी में ही रहें।

परिपत्र में कहा गया है कि शिक्षा निदेशालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश पर ध्यान देने और जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है। परिपत्र के मुताबिक सभी कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहना होगा और इस अवधि के दौरान किसी को भी दिल्ली से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी ।
 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment