एमसीडी में होगा कांग्रेस का मेयर : चौधरी अनिल कुमार

Last Updated 01 Dec 2022 01:01:37 PM IST

एमसीडी चुनाव -2022 में तीनों प्रमुख पार्टियां जोर आजमाइश कर रही हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस भी निगम की कुर्सी पर काबिज होने का दंभ भर रही है। लेकिन इसका फैसला तो सात दिसम्बर को रिजल्ट आने पर ही पता चलेगा, लेकिन उससे पहले हर पार्टी मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह-तरह के वादे भी किए जा रही है। मतदान व उसका परिणाम आने में अभी कुछ वक्त है, उससे पहले हमारे संवाददाता अमित कुमार ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार से बातचीत की। पेश है बातचीत के मुख्य अंश :


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार

राष्ट्रीय सहारा (रा.स.) : निगम की कुर्सी पर कौन बैठेगा ?
चौ.अनिल कुमार :  निगम की कुर्सी पर इस बार कांग्रेस का मेयर बैठेगा। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं कि भाजपा ने 15 वर्षो में दिल्ली को नरक बना दिया है और आप पार्टी ने भी कुछ नहीं किया है। अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ लोगों को गुमराह किया है, लेकिन इस बार दिल्ली की जनता गुमराह नहीं होने वाली है।

रा.स. : कांग्रेस के खाते में कितनी सीटें आ रही हैं ?
चौ.अनिल कुमार : संख्या की बात छोड़िए। मैं तो दावे के साथ कह रहा हूं कि सात दिसम्बर को जब रिजल्ट आएगा तो यह तय मानिए की निगम में हमारा मेयर होगा और यह मैं पूरे विास के साथ कह रहा हूं कि जनता हमारे साथ है।

रा.स. : दिल्ली की जनता पर इस कदर भरोसे की वजह ?
चौ.अनिल कुमार : भरोसे की वजह यह है कि कांग्रेस ने हमेशा से ही दिल्ली की जनता का ख्याल रखा है। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने दिल्ली की जनता के लिए दिल्ली नगर निगम को तीन भागों में बांटा था कि इससे लोगों को ज्यादा सहूूलियत मिलेगी और वह अपने काम के सिलसिले में अधिकारियों से मिल सकेंगे, लेकिन अब फिर से भाजपा ने अपने फायदे के लिए निगम को एक कर दिया है। अब लोगों को फिर अपने काम करवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ेंगी।

रा.स. : तीनों निगमों को एक करने और नए परिसीमन से किसको फायदा होने वाला है ?

चौ.अनिल कुमार : इसका फायदा जनता को नहीं मिलने वाला है। भाजपा ने अपने फायदे के लिए तीनों नगर निगम को एक किया है। परिसीमन भी अपने हिसाब से और अपने फायदे के लिए किया गया है, लेकिन भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा। इस बार निगम में भाजपा और आप पार्टी को यहां की जनता धूल चटा देगी।

रा.स. : क्या शराब का ठेका भी मुद्दा है निगम चुनाव में ?

चौ.अनिल कुमार : बिल्कुल । मां-बहनें परेशान हैं। हर गली मुहल्ले में केजरीवाल सरकार ने शराब के ठेके खुलवा दिए हैं। महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। निगम में आने पर हम बगैर जनता की भागीदार के कोई भी निर्णय नहीं लेंगे।

रा.स. : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आपकी पार्टी का क्या विजन है ?

चौ.अनिल कुमार : महिला हो या बच्चे। सभी की सुरक्षा जरूरी है। इसके लिए ही हम डे-बोर्डिग स्कूलों की बात कर रहे हैं। यहां पर रहने वाली बच्चियों को गंदी नजरों से बचाएंगे। यह भी एक तरह से सुरक्षा ही है।

रा.स. : दिल्ली कूड़े के ढेर में बदलती जा रही है, इसके लिए क्या प्लानिंग है ?

चौ.अनिल कुमार : जीरो लैंडफिल्ड योजना है। इसके तहत हम 18 महीने में गाजीपुर, भलस्वा, ओखला में खड़े कूड़े के ढेर को खत्म कर देंगे और भविष्य के लिए ऐसी योजना है कि दिल्ली के लोगों को कूड़े का ढेर देखने तक को नहीं मिलेंगे और दिल्ली साफ और स्वच्छ भी रहेगी।

अमित कुमार/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment