आमजन के लिए आज से खुल जाएगा भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला

Last Updated 19 Nov 2022 08:44:36 AM IST

प्रगति मैदान में चल रहे ‘ट्रेड फेयर‘ के दरवाजे आज से आम आदमी के लिए खुल जाएंगे। 27 नवम्बर तक इस फेयर को हर कोई देख सकेगा।


भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (File photo)

वीकेंड से शुरू होने वाले इस भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में ज्यादा भीड़ आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार एक तय सीमा के बाद टिकटों की बिक्री को बंद कर दिया जाएगा। इतना ही आम दशर्कों को सुझाव दिया गया है कि वह ऑनलाइन टिकट बुक करवा कर या फिर मेट्रो स्टेशनों से बिक रहे टिकट लेकर ही यहां आए। क्योंकि प्रगति मैदान के आस पास टिकट नहीं मिल पाएगा।

अपने आयोजन के बाद पहली बार सबसे ज्यादा एरिया में आयोजित इस फेयर में 29 राज्यों व 14 देश के 25 सौ से ज्यादा भागीदार अपने उत्पाद को यहां प्रदर्शित कर रहे हैं। 73 हजार स्क्वायर मीटर एरिया में फैले इस फेयर में राज्यों के खाने पीने के सामान के अलावा वहां के लोकप्रिय उत्पादों को देखने और खरीदने का मौका मिलेगा। फेयर सुबह 10 से शाम साढ़े 7 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।



गिरिराज सिंह ने किया सरस मंडप का उद्घाटन

प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में सरस आजीविका मेला का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार को ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस मौके पर उनके साथ सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा, अपर सचिव चरणजीत सिंह, ओएसडी सैलेश कुमार सिंह, अपर सचिव वित्तीय लीना जोहरी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विनोद कुमार व सीएल कटारिया मौजूद रहे।

गिरिराज सिंह ने बताया कि मंत्रालय ऐसा काम नियमित रूप से करता रहता है। उन्होंने बताया कि पहले इससे 2.35 करोड़ दीदी जुड़ी हुई थीं, जो कि अब 9 करोड़ के करीब पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि लगभग 97 प्रतिशत ब्लॉकों में यह व्यवस्था पहुंच चुका है और जल्द ही हम इससे 10 करोड़ दीदीयों को जोड़ेंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि पहले स्टार्टअप केवल आईटी सेक्टरों के लिए था लेकिन अब हम इस क्षेत्र में भी स्टार्टअप लाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक स्टार्टअप के लिए 30 हजार के करीब अप्लीकेशन आ चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हम हर दीदी को लखपति व करोड़पति बनाएं और आने वाले दशकों में जब भारत पांच ट्रिलियन का इकोनॉमी का देश बनेगा तो उसमें इन दीदीयों का भी योगदान होगा।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment