अमित शाह के आवास व भाजपा मुख्यालय पर चले बुलडोजर : आप
जहांगीरपुरी में कई ढांचों को गिराने के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए ‘आप’ ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास और भाजपा मुख्यालय को बुलडोजर से गिरा देने से देश हमेशा के लिए सांप्रदायिक हिंसा और दंगों से मुक्त हो जाएगा।
![]() दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया |
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा के अराजक छवि का पर्दाफाश करते हुए बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले हफ्ते हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा के दौरान जहांगीरपुरी में दो समुदायों संघर्ष कराया।
उन्होंने भाजपा पर रामनवमी के दौरान देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़काने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक हिंसा और दंगे भड़काने के एकमात्र मकसद से, भाजपा ने पिछले आठ वर्षों के दौरान रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को देश के विभिन्न हिस्सों में ’अवैध रूप से’ बसाया है।
आप नेता आतिशी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि भाजपा कह रही है कि बुलडोजर चलाने और अतिक्रमण हटाने से हिंसा, दंगे और गुंडागर्दी रुक जाएगी; लेकिन वास्तव में, भाजपा ही दिल्ली सहित पूरे देश में गुंडागर्दी, हिंसा और दंगों को बढ़ावा दे रही है।
आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले आठ वर्षों में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को देश के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से बसाया।
राज्य सरकारें ऐसा नहीं कर सकती हैं क्योंकि केवल केंद्र ही उन्हें देश के अंदर ला सकता है।
| Tweet![]() |