सिसोदिया के आवास पर भाजपा का हमला योजनाबद्ध : आप
आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर भाजपा ने योजनाबंद्ध तरीके से हमला कराया।
![]() आप नेता दुर्गेश पाठक द्वारा निगम के भाजपा नेताओं को जान से मारने की धमकी के खिलाफ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर के बाहर धरना-प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता। फोटो : एसएनबी |
हालांकि दिल्ली भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। इससे पहले, भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार से बकाए के भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे पार्टी शासित नगर निगमों के नेताओं एवं महापौरों की हत्या करने के कथित षड्यंत्र को लेकर सिसोदिया के आवास के निकट प्रदर्शन किया था।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटना की निंदा करते हुए पूछा कि भाजपा ‘दिल्ली में दिन-प्रतिदिन इतनी हताश’ क्यों होती जा रही है। उन्होंने ट्वीट किया ’मैं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर योजनाबद्ध, संगठित और हिंसक हमले की निंदा करता हूं। जब वह बाहर गए हुए थे तो पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के लोग उनके घर में घुस गए। भाजपा दिल्ली में दिन-प्रतिदिन इतनी हताश क्यों होती जा रही है? इससे पहले आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने इसके लिए केन्द्रीय गृहमंत्री को जिम्मेदार ठहराया। आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के परिवार वालों की हत्या कराना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी दोहराया कि मुख्यमंत्री को उनके ही घर में नजरबंद कर दिया गया। भारद्वाज ने पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा पुलिस ने जानबूझकर बैरिकेडिंग हटाई। इसी के बाद प्रदर्शनकारी जबरदस्ती घर में घुस गए। आप नेता अतिशी ने इसे दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में काला दिन ठहराते हुए कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अब उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और उनके परिवार पर हमला करने के लिए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि आप नेता भाजपा के महापौरों और अन्य निगम नेताओं को मारने के ‘षड्यंत्र’ से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमने यह स्पष्ट करने के लिए सिसोदिया के आवास के बाहर प्रदर्शन किया कि भाजपा कार्यकर्ता हर प्रकार की चुनौती का जवाब देने में सक्षम हैं।’ भाजपा की दिल्ली इकाई ने सिसोदिया और आप नेता दुग्रेश पाठक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर बुधवार को आरोप लगाया कि वह भाजपा शासित नगर निगमों के नेताओं की हत्या की ‘साजिश’ रच रहे हैं। पाठक ने आरोपों को बकवास बताते हुए कहा कि भाजपा लोगों की छवि धूमिल करने के लिए दुष्प्रचार करती रहती है।
| Tweet![]() |