नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 43 करोड़ का सोना जब्त

Last Updated 30 Aug 2020 12:49:50 AM IST

राजस्व खुफिया महानिदेशालय (डीआरआई) ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर म्यांमार से तस्करी कर लाया गया 43 करोड़ रुपए का सोना जब्त कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया।


नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 43 करोड़ का सोना जब्त (प्रतिकात्मक चित्र)

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से 83.6 किलोग्राम वजन की सोने की 504 छड़ें बरामद की गईं। आरोपी महाराष्ट्र के सांगली जिले के रहने वाले हैं।
डीआरआई ने अपने बयान में बताया कि शुक्रवार को डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरोपियों को सोने की छड़ों के साथ पकड़ा गया। ये छड़ें विशेष रूप से निर्मित कपड़े से बरामद हुईं। तस्कर फर्जी पहचान पत्र (आधार कार्ड) के आधार पर यात्रा करते पाए गए।

जांच एजेंसी ने बताया कि  बरामद सोने की छड़ों पर विदेशी मार्किंग थी और इन्हें मणिपुर में मोरे सीमा से म्यामांर से तस्करी कर भारत लाया गया था। गुवाहाटी से काम कर रहा गिरोह इसे दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में बेचने वाला था। जब्त छड़ें 99.9 फीसदी शुद्ध हैं और उनका वजन 83.621 किलोग्राम है।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment