'देश बचाओ रैली' के दौरान उत्साह में दिखे कांग्रेस कार्यकर्ता

Last Updated 15 Dec 2019 03:42:29 AM IST

रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित देश बचाओ रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उत्साहित थे। रैली के दौरान कई महिलाओं ने प्याज की माला पहन कर मोदी विरोधी नारे लगाते हुए प्याज की बढ़ी हुई कीमत के खिलाफ प्रदर्शन किया।


रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित ‘भारत बचाओ रैली’ के दौरान मंच पर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ अन्य वरिष्ठ नेता। फोटो : सहारा न्यूज ब्यूर

उत्तराखंड से आई कई कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल थीं। उनका कहना था कि प्याज की कीमत आम लोगों की पहुंच से बाहर है। गैस सिलिंडर की कीमतें भी बढ़ चुकी है।

रामलीला मैदान के चारो ओर पोस्टर बैनर भरे थे। इन बैनरों पर नरेंद्र  मोदी विरोधी नारे लिखे थे। मोदी सरकार, देश विभाजन सरकार, मोदी सरकार मंदी की सरकार, कारपोरेट कंपनी एंबेसेडर, मोदी डाउन डाउन जैसे नारे लिखे बैनर पोस्टर से पूरा मैदान भरा पड़ा था। दक्षिण भारत से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टरों पर नारे अंग्रेजी में लिखे थे। अलग अलग राज्यों के नेताओं ने अपने नाम से पोस्टर लगाए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत बचाओ, वी वांट जाब (मुझे नौकरी चाहिए), भाजपा सरकार में भयंकर बेरोजगारी-बेहाल अर्थव्यवस्था, किसानों की बदहाली जैसे नारों वाले केंद्र सरकार विरोधी पोस्टर बैनर थाम रखे थे।

राहुल-प्रियंका सेना ने दर्ज कराई उपस्थिति

रैली में भारी भीड़ के बीच राहुल-प्रियंका सेना के कार्यकर्ता भी अपने बैनर लेकर खड़े थे। उन्होने बैनर पर राहुल गांधी व प्रियंका की तस्वीर लगाई थी। इस सेना के कार्यकर्ता ढ़ेर सारे बैनर लेकर रामलीला मैदान में आई भीड़ के बीच पहुंच गए व अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मीडिया के बैठने के लिए निर्धारित स्थान पर खड़े कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राहुल गांधी व सोनिया गांधी के भाषण को मोबाइल में रिकार्ड कर रहे थे।

ब्रेड पकौड़े का आनंद लिया कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने

शनिवार सुबह दस बजे ही भारी भीड़ रामलीला मैदान के पास जमा हो गई, राहुल व सोनिया 12 बजे वहां पहुंचे। ग्राउंड के बाहर भी काफी भीड़ थी। इस कारण आसपास के छोटे दूकानदारों की बिक्री बढ़ गई। ब्रेड पकौड़ा के साथ हरी चटनी व चाय की दूकानों पर कार्यकर्ताओं ने रैली शुरू होने के पूर्व भरपूर नाश्ता किया, फिर मैदान के भीतर पहुंचकर रैली में शामिल हुए।

आकर्षण का केंद्र बना दो किलोमीटर लंबा बैनर
कांग्रेस की रैली के दौरान ग्राउंड के बाहर टहल रहे लोगों का आकर्षण मुख्य सड़क के साथ पड़ा हुआ एक लंबा बैनर बना रहा, जिसकी लंबाई लगभग दो किलोमीटर बताई गई।
इस बैनर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीरों के साथ कांग्रेस के सफर को दर्शाया गया था। राहुल गांधी युवाओं के साथ इंट्रेक्ट कर रहे हैं और उन्हें कुछ समझाते दिख रहे हैं। इसके अलावा इस पर यूथ कांग्रेस द्वारा जनहित में किए जा रहे कामों को बताया गया है। यह बैनर बीच-बीच में युवा कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ में पकड़ा हुआ था। लोग इस बैनर को उत्सुकता के साथ निहारते नजर आए।

बदन पर तिरंगा रंगवाकर जताया विरोध
केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने तरीके से विरोध जताया। इस बीच कुछ युवा ऐसे भी दिखाई दिए, जिन्होंने राष्ट्रवाद की भावना का प्रदर्शन करते हुए समर्थन तो कांग्रेस का किया, लेकिन विरोध भाजपा सरकार के खिलाफ जताया। तमिलनाडु यूथ कांग्रेस के 32 युवाओं ने अपना पूरा शरीर तिरंगे से रंगवा रखा था। दिल्ली की सर्दी में भी पूरी तरह से बेफिक्र दिख रहे थे, जिनमें से एक ने बताया कि विरोध जताने के सभी के अपने अलग-अलग तरीके हैं। हम तिरंगे के साथ केन्द्र की मोदी सरकार की कमियों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment