अमित शाह ने राजधानी में फूंका चुनावी बिगुल

Last Updated 24 Dec 2018 05:58:33 AM IST

बूथ जीता-चुनाव जीता मंत्र के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को राजधानी में चुनावी बिगुल फूंक दिया।


आईटीओ स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को आयोजित बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते भाजपा अध्यक्ष अमित शाह। साथ में हैं केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, डा. हषर्वर्धन, प्रदेश संगठन महामंत्री रामलाल, भाजपा अध्यक्ष मनोज

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सबसे अधिक टारगेट किया। सिख दंगे और राफेल को लेकर शाह के निशाने पर राहुल गांधी भी रहे। उन्होंने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए चुनावी मंत्र दिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने नरेंद्र मोदी को एक बार फिर पीएम बनाने को लेकर गाना गया। अमूमन गंभीर रहने वाले शाह भी गाने की मस्ती में झूम उठे और ताली बजाने लगे।
दिल्ली भाजपा की ओर से आज आईजी स्टेडियम में बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन में 138106 बूथ अध्यक्षों से संवाद स्थापित करते हुए शाह ने उन्हें संगठन की रीढ़ की हड्डी बताया। तीन हिन्दी भाषी राज्यों में चुनावी हार के बाद शाह सीधे बूथ अध्यक्षों से अपने आपको कनेक्ट कर रहे थे। आगामी चुनाव को सहज तरीके से लेने वाले शाह ने पहली बार खुले मंच से स्वीकार किया कि 2019 का लोकसभा चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ चुनाव तत्कालीन असर छोड़ने वाले होते हैं और कुछ चुनाव युग बदलने के लिए होते हैं। यह चुनाव भारत के निर्माण का चुनाव है। उन्होंने मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर जनता के बीच जाने के लिए कहा। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उसे उखाड़ फेंकने के लिए कहा।

शाह ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि आजाद भारत के इतिहास में ये दोनों सबसे बड़े झूठे हैं। कांग्रेस ने 1984 में सिख दंगे कराए। मोदी सरकार द्वारा एसआईटी गठित किए जाने के बाद सिखों को न्याय मिल रहा है। जबकि कांग्रेस ने दोषियों को संरक्षण दिया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राहुल गांधी राफेल मुद्दे पर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप ने भी सिखों के घाव पर नमक छिड़कने का काम किया है। कांग्रेस और आप का चेहरा बेनकाब हो चुका है। केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों से किए गए वादे भूला दिए गए। केजरीवाल का हर वादा झूठा साबित हुआ। हर लोकसभा में 3 नए अस्पताल बनाने का वादा किया था, 500 नए विद्यालय बनाने का वादा किया था, डीटीसी बसों में मार्शल तैनात करने का वादा किया था, सीसीटीवी कैमरे लगाने का वादा किया था, फ्री वाई-फाई देने का वादा किया था, महिला सुरक्षा का वादा किया था। क्या हुआ इन वादों का।
उन्होंने दिल्ली के लोगों को केजरीवाल के प्रति आगाह करते हुए केंद्र की उपलब्धियां गिनाई। शाह ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनते ही 50 हजार करोड़ रूपए की लागत से सड़क योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग का विकास कर दिल्ली में प्रदूषण कम करने का प्रयास किया गया। साथ ही दिल्ली में 1600 से अधिक अनधिकृत कालोनियों को सैद्धांतिक मंजूरी देने की बात कही। 1984 के दंगा पीड़ित 3300 सिख परिवारों को 5 लाख रूपए तक का मुआवजा दिए जाने की बात कही। शाह ने कहा कि स्र्माट सिटी विकास के अंतर्गत 71 प्रोजक्ट के लिए 1331 करोड़ देने का काम केंद्र सरकार ने की है और अमूरत योजना के तहत प्रत्येक निगम को 200 करोड़ रूपए दिया गया है।  इस मौके पर संगठन महामंत्री रामलाल ने भी बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया।

रविशंकर तिवारी/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment