भोपाल में क्रेन से होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

Last Updated 07 Oct 2019 03:00:58 PM IST

भोपाल स्थित छोटा तालाब के खटलापुरा घाट पर भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पिछले महीने दो नावों के पलटने से 11 लोगों की डूबने से मौत होने के मद्देनजर मध्य प्रदेश सरकार ने निर्देश दिया है कि शहर में केवल क्रेन द्वारा ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाये।


एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि छोटा तालाब के सभी विसर्जन घाटों पर केवल क्रेन द्वारा ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कराएं। यह सख्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाये कि किसी भी घाट पर श्रद्धालु नाव से तालाब के बीच में जाकर विसर्जन नहीं करें।    

उन्होंने खटलापुरा घाट पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिये किये गये सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।    

शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि दशहरा और दुर्गा विसर्जन के दौरान सभी घाटों पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखे।

गौरतलब है कि 13 सितंबर को तड़के खटलापुरा घाट पर भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो नावों के पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि आठ लोगों को बचा लिया गया था।

 

भाषा
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment