Shibu Soren Death News: झारखंड के पूर्व CM शिबू सोरेन का निधन, 81 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; भावुक हुए बेटे हेमंत बोले- 'आज मैं शून्य हो गया...'

Last Updated 04 Aug 2025 10:09:33 AM IST

झारखंड के पूर्व सीएम और झामुमो(JMM) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का निधन हो गया है। शिबू सोरेन लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका उपचार राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली।


झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन (81) को जून के आखिरी हफ़्ते में किडनी संबंधी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान लबातार उनकी तबीयत बिगड़ती ही जा रही थी और सुबह-सुबह ही उनका निधन हो गया।

पूर्व सीएम सोरेन के निधन की जानकारी प्रदेश के मुखिया और पूर्व सीएम के पुत्र हेमंत सोरेन ने दी है। शिबू सोरेन के निधन के साथ ही उस राजनीतिक युग का अंत हो गया है, जिसमें आदिवासी आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि मिली थी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन की जानकारी एक्स पर दी। उन्होंने लिखा है कि ”आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए है। आज मैं शून्य हो गया हूँ….”

सर गंगा राम अस्पताल के ‘नेफ्रोलॉजी’ विभाग के अध्यक्ष डॉ. ए. के. भल्ला के अनुसार, शिबू सोरेन को सुबह आठ बजकर 56 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया। उनका लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

डॉक्टर ने कहा, ‘‘वह गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित थे और उन्हें डेढ़ महीने पहले दौरा भी पड़ा था। वह पिछले एक महीने से जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।’’

अस्पताल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमारी बहु-विषयक चिकित्सा टीम के अथक प्रयासों के बावजूद, शिबू सोरेन का चार अगस्त, 2025 को निधन हो गया। उनके अंतिम सांस लेने के दौरान उनका परिवार उनके पास मौजूद था।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘हम इस दुख की घड़ी और एक लोकप्रिय जननेता की क्षति के वक्त उनके परिवार, उनके प्रियजनों और झारखंड के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।’’

झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। एक बयान में यह जानकारी दी गयी है।
 

हेमंत सोरेन ने पिछले सप्ताह कहा था कि आदिवासी नेता शिबू सोरेन ने कई जंग लड़ी हैं और वह अपने स्वास्थ्य की जंग भी जीत जाएंगे। बयान में कहा गया है कि सरकार ने इस अवधि के दौरान अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार के सभी कार्यालय चार और पांच अगस्त को बंद रहेंगे।

इसमें कहा गया है, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन का आज सुबह नयी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन होने के बाद राज्य सरकार ने चार अगस्त से छह अगस्त, 2025 तक तीन दिन का राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है।’’

बयान में कहा गया है कि इस दौरान झारखंड में सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और विभिन्न दलों के नेताओं ने झामुमो संरक्षण के निधन पर शोक जताया है।  गंगवार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। वह आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की एक सशक्त आवाज थे। समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’

कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसे अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘‘अलग झारखंड के गठन में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। वह गरीबों, दलितों और राज्य की जनता की आवाज थे। झारखंड को आज एक अपूरणीय क्षति पहुंची है।’’

शिबू सोरेन पिछले 38 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता थे और पार्टी के संस्थापक संरक्षक भी थे।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment