Jharkhand में Heat Wave ने तीन दिनों में 16 जानें ली

Last Updated 19 Jun 2023 07:43:43 PM IST

झारखंड में अंगारे उगल रही गर्मी जानलेवा बन चुकी है। हाल यह है कि बीते तीन दिनों में प्रचंड गर्मी और हीट वेव के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। झारखंड सरकार ने पहले ही राज्य के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों की एलकेजी से लेकर कक्षा आठ तक स्कूलों को 21 जून तक बंद रखने का आदेश दिया है।


Jharkhand में Heat Wave ने तीन दिनों में 16 जानें ली

वहीं, कक्षा नौ से बारहवीं तक स्कूलों के समय में परिवर्तन करते हुए सुबह सात से 11 बजे तक संचालित करने को कहा है। राजधानी रांची का पारा लगातार पांचवें दिन तक 40 डिग्री के पार रहा। हालांकि, इस बीच मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि 19 जून को मॉनसून राज्य में प्रवेश कर जाएगा।

बहरहाल, राज्य के 24 में से 18 जिले ऐसे हैं जहां तापमान फिलहाल 40 से 45.6 डिग्री तक पहुंच गया है। हीट वेव ने जिन जिलों में कहर बरपाया है, उनमें से पलामू और धनबाद में चार-चार, रांची, देवघर, दुमका, बोकारो, गढ़वा, गिरिडीह, साहिबगंज और गोड्डा में एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर मिली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में मॉनसून को लेकर अच्छी खबर दी है। विभाग का कहना है कि झारखंड में मॉनसून आने के संकेत मिलने लगे हैं और 19 जून को ही राज्य में मॉनसून प्रवेश कर जायेगा। यहां संताल परगना के रास्ते मॉनसून आयेगा और उसके बाद गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग के पूवार्नुमान के मुताबिक झारखंड में 20 जून से तेज रफ्तार हवाएं चल सकती हैं और बारिश हो सकती है। राज्य में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। बारिश से तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment